LOADING...
टेस्ट क्रिकेट: इंग्लैंड में भारत के खिलाफ इन गेंदबाजों ने चटकाए हैं सबसे ज्यादा विकेट 
जेम्स एंडरसन के आंकड़े भारत के खिलाफ कमाल के हैं (तस्वीर: एक्स/ @ICC)

टेस्ट क्रिकेट: इंग्लैंड में भारत के खिलाफ इन गेंदबाजों ने चटकाए हैं सबसे ज्यादा विकेट 

Jun 13, 2025
12:35 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 20 जून से होने जा रहा है। इंग्लैंड की पिचों पर दोनों टीमों के बीच हमेशा कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। इस बार भी गेंदबाजों की भूमिका अहम रहने वाली है। ऐसे में यह जानना रोचक होगा कि इंग्लैंड में भारत के खिलाफ किन गेंदबाजों ने सबसे ज्यादा विकेट झटके हैं। आइए उनपर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

जेम्स एंडरसन (105 विकेट) 

इस सूची में पहले स्थान पर पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन हैं। उन्होंने इंग्लैंड की सरजमीं पर भारत के खिलाफ 22 टेस्ट मैच खेले थे। इसकी 44 पारियों में 23.46 की उम्दा औसत के साथ 105 विकेट लेने में सफल रहे थे। एंडरसन ने 6 बार 5 विकेट हॉल भी अपने नाम किए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/20 का रहा था। भारतीय बल्लेबाजों के लिए एंडरसन को खेलना हमेशा बड़ी चुनौती रहा।

#2

स्टुअर्ट ब्रॉड (64 विकेट)

इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी अपनी घरेलू सरजमीं पर भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान किया था। उन्होंने 2011 से 2022 के बीच भारत के खिलाफ 16 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान 31 पारियों में 23.32 की शानदार औसत के साथ 64 विकेट झटके। ब्रॉड ने 2 बार 5 विकेट हॉल लिए और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/25 का रहा था। ये आंकड़े दिखाते हैं कि भारतीय बल्लेबाजों के लिए ब्रॉड हमेशा एक बड़ी चुनौती साबित हुए।

#3

फ्रेड ट्रूमैन (53 विकेट) 

इंग्लैंड की धरती पर भारत के खिलाफ साल 1952 में अपना पहला टेस्ट खेलने वाले फ्रेड ट्रूमैन इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। आखिरी बार वह 1959 में भारत के खिलाफ अपनी सरजमीं पर खेले थे। 9 टेस्ट मैचों की 17 पारियों में उन्होंने 14.84 की शानदार औसत से 53 विकेट झटके। इस दौरान 2 बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8/31 का रहा, जो आज भी उनकी धारदार गेंदबाजी की मिसाल है।

#4

एलेक्स बेडसर (44 विकेट) 

इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज एलेक्स बेडसर इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ इंग्लैंड की धरती पर 1946 से 1952 के बीच 7 टेस्ट मैच खेले थे। इनकी 12 पारियों में 13.11 की औसत से कुल 44 विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने 4 बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया था। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7/49 का रहा था। बेडसर ने नई गेंद से भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान किया था।