Page Loader
टी-20 क्रिकेट: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वेस्टइंडीज के इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 
आंद्रे रसेल का बल्ला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खूब चलता है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 क्रिकेट: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वेस्टइंडीज के इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 

Jul 20, 2025
12:12 am

क्या है खबर?

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच 21 जुलाई से 5 मैचों की टी-20 सीरीज शुरू होगी। टेस्ट सीरीज में मिली 3-0 की हार को भुलाकर कैरेबियाई टीम नए जोश के साथ मैदान पर उतरेगी। आंद्रे रसेल पहले 2 मुकाबलों के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। ऐसे में वेस्टइंडीज रसेल को जीत के साथ विदाई देना चाहेगी। इस बीच आइए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं।

#1

क्रिस गेल (420 रन) 

इस सूची में पहले स्थान पर वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2009 में खेला था। आखिरी बार वह 2021 में इस टीम के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 14 मैच की 14 पारियों में 32.30 की औसत और 155.55 की स्ट्राइक रेट से 420 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 88 रन रहा था

#2

आंद्रे रसेल (257 रन) 

रसेल इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जब-जब खेलें हमेशा ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए नजर आए। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2012 में खेला था। 12 मुकाबलों की 10 पारियों में इस खिलाड़ी ने 51.40 की उम्दा औसत और 215.96 की शानदार स्ट्राइक रेट से 257 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकला है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 71 रन रहा है।

#3

ड्वेन ब्रावो और जॉनसन चार्ल्स (246 रन) 

तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से ड्वेन ब्रावो और जॉनसन चार्ल्स हैं। ब्रावो ने 12 पारियों में 30.75 की औसत से 246 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 128.12 की रही थी। उनके बल्ले से इस टीम के खिलाफ कोई शतक या अर्धशतक नहीं निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 47* रन था। चार्ल्स ने 10 पारियों में 24.60 की औसत से 246 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 57 रन है। उन्होंने 143.85 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है।

#4

किरोन पोलार्ड (203 रन) 

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके किरोन पोलार्ड इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पोलार्ड ने अपना पहला टी-20 मुकाबला 2008 में खेला था। आखिरी बार वह 2021 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 11 मैच की 9 पारियों में 25.37 की औसत से 203 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 153.78 की रही थी। उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 54* रन था।