
टेस्ट क्रिकेट: इंग्लैंड की धरती पर इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया। वह इंग्लैंड की धरती पर 7,000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। इंग्लैंड में रन बनाना हर बल्लेबाज के लिए बड़ी चुनौती होती है, जहां पिच की हरकत और मौसम की बेरुखी किसी की भी तकनीक की असली परीक्षा लेती है। ऐसे में आइए इंग्लैंड में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
जो रूट (7,005 रन)
रूट ने इंग्लैंड में अपना पहला टेस्ट मैच साल 2013 में खेला था। तब से अब तक वे यहां 82 टेस्ट मुकाबले खेल चुके हैं। इनकी 143 पारियों में रूट ने 54.72 की औसत से 7,005 रन बनाए हैं। घरेलू सरजमीं पर उनके बल्ले से अब तक 22 शतक और 33 अर्धशतक निकल चुके हैं। रूट का इंग्लैंड में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 254 रन रहा है। इंग्लैंड के बाद उन्होंने सबसे ज्यादा टेस्ट रन (1,272) भारत में बनाए हैं।
#2
एलिस्टेयर कुक (6,568 रन)
पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने इंग्लैंड में अपना पहला टेस्ट मैच 2006 में खेला था। आखिरी बार वह यहां 2018 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 89 मैच की 155 पारियों में 44.37 की औसत से 6,568 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 15 शतक और 32 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 294 रन रहा था। कुक 7 बार नाबाद भी रहे थे।
#3
ग्राहम गूच (5,917 रन)
तीसरे स्थान पर ग्राहम गूच हैं। इस पूर्व खिलाड़ी ने इंग्लैंड में अपना पहला मुकाबला 1975 में खेला था। आखिरी बार वह अपनी घरेलू सरजमीं पर 1994 में टेस्ट मैच खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 74 मुकाबले इंग्लैंड में खेले और इसकी 131 पारियों में 46.22 की औसत से 5,917 रन बनाए। उनके बल्ले से 15 शतक और 26 अर्धशतक निकले। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 333 रन का रहा।
#4
माइकल आथर्टन (4,716 रन)
इस सूची में चौथे स्थान पर माइकल आथर्टन हैं। इस पूर्व बल्लेबाज ने इंग्लैंड की धरती पर अपना पहला मुकाबला 1989 में खेला था। आखिरी बार वह 2001 में वहां खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 67 मुकाबले खेले थे और इसकी 124 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 4,716 रन बनाए थे। उनकी औसत 38.97 की रही थी। उनके बल्ले से 9 शतक और 31 अर्धशतक निकले थे। आथर्टन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 160 रन रहा था।