भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वेस्टइंडीज के शीर्ष 5 टेस्ट बल्लेबाजों पर एक नजर
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच जुलाई में 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जानी है।
वेस्टइंडीज की टीम घरेलू सरजमीं पर भारत को टक्कर देने के लिए तैयार है।
भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल के बाद पहली सीरीज खेलेगी। ऐसे में उनके लिए भी यह सीरीज काफी अहम है।
आइए वेस्टइंडीज के 5 बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है।
#1
क्लाइव लॉयड ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान क्लाइव लॉयड ने भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
उन्होंने भारत के खिलाफ पहला टेस्ट साल 1966 में खेला था। लॉयड ने 28 टेस्ट की 44 पारियों में 58.60 की औसत के साथ 2,344 रन बनाए हैं।
उन्होंने इस दौरान 7 शतक और 12 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 242 रन है। वह 4 बार नॉटआउट भी रहे हैं।
उन्होंने भारत के खिलाफ आखिरी टेस्ट साल 1983 में खेला था।
#2
जमकर बोला है शिवनारायण चंद्रपॉल का बल्ला
वेस्टइंडीज टीम के पूर्व महान बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल ने भारत के खिलाफ खूब रन बनाए हैं।
उन्होंने भारत के खिलाफ 25 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 44 पारियों में 63.85 की शानदार औसत के साथ 2,171 रन बनाए हैं।
इस दौरान उन्होंने 7 शानदार शतक और 10 अर्धशतक भी बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 140 रन रहा है।
चंद्रपाल जब-जब भारत के खिलाफ खेले तब-तब भारतीय गेंदबाजों को काफी परेशानी हुई है।
#3
विवियन रिचर्ड्स ने भारत के खिलाफ 50.71 की औसत से बनाए हैं रन
विवियन रिचर्ड्स भारत के खिलाफ रन बनाने के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ पहला टेस्ट मैच साल 1974 में खेला था।
28 टेस्ट की 41 पारियों में 3 बार नॉटआउट रहते हुए रिचर्ड्स ने 1,927 रन बनाए हैं। उनकी औसत 50.71 की रही है। उन्होंने इस दौरान 8 शतक और 7 अर्धशतक लगाए हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 192 रन का रहा है। वह 1 बार खाता खोले बिना भी पवेलियन लौटे हैं।
#4
गैरी सोबर्स ने 80 से ज्यादा की औसत से भारत के खिलाफ बनाए हैं रन
वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी गैरी सोबर्स का बल्ला भारत के खिलाफ खूब चला है।
उन्होंने भारत के खिलाफ पहला टेस्ट मैच साल 1958 में खेला था। सोबर्स ने 18 टेस्ट मैचों की 30 पारियों में 83.47 की औसत से 1,920 रन बनाए हैं।
उन्होंने इस दौरान 8 शतक और 7 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 198 रन रहा है। सोबर्स ने भारत के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच साल 1971 में खेला था।
#5
रोहन कन्हाई का प्रदर्शन भी रहा है कमाल
भारत के खिलाफ 5वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के बल्लेबाज रोहन कन्हाई हैं।
उन्होंने भारत के खिलाफ पहला टेस्ट मैच साल 1958 में खेला था। 18 टेस्ट की 28 पारियों में उन्होंने 62.70 की औसत से उन्होंने 1,693 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 256 रन रहा है। कन्हाई ने भारत के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच साल 1971 में खेला था।