Page Loader
WPL 2024: इन 5 विदेशी गेंदबाजों पर रहेंगी सबकी नजरें 
हैली मैथ्यूज ने पिछले सीजन सबसे ज्यादा विकेट झटके थे (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2024: इन 5 विदेशी गेंदबाजों पर रहेंगी सबकी नजरें 

Feb 21, 2024
07:32 am

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के दूसरे संस्करण का आगाज 23 फरवरी से होना है। कई स्टार खिलाड़ी इस लीग में खेलते हुए नजर आएंगी। पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। पहला सीजन हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में MI ने जीता था। पिछले सीजन कई विदेशी खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से फैंस का दिल जीता था। आइए ऐसे ही 5 विदेशी गेंदबाजों पर नजर डालते हैं जो इस सीजन कमाल कर सकती हैं।

#1

हेली मैथ्यूज

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर खिलाड़ी हेली मैथ्यूज पिछले सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज थीं। उन्होंने 10 मैच में 12.62 की औसत से 16 विकेट झटके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/5 का रहा था। उन्होंने 4 मुकाबलों में 3 विकेट हॉल लिए थे। ऐसे में इस सीजन भी MI के लिए वह कुछ वैसा ही प्रदर्शन करना चाहेंगी। मैथ्यूज बल्लेबाजी में भी अहम योगदान दे सकती हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिेकट में मैथ्यूज ने 91 विकेट लिए हैं।

#2

सोफी एक्लेस्टोन 

इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की स्पिन गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन यूपी वॉरियर्स के लिए खेलती हुई नजर आएंगी। पिछले सीजन वह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं थी। उन्होंने 9 मैच में 14.68 की औसत से 16 विकेट झटके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/13 का रहा था। उन्होंने 2 बार 3 विकेट हॉल लिए थे। सोफी की इकॉनमी सिर्फ 6.61 की रही थी। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 109 विकेट अपने नाम किए हैं।

#3

केट क्रॉस 

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए इस सीजन केट क्रॉस खेलती हुई नजर आएंगी। 32 साल की यह तेज गेंदबाज इंग्लैंड के लिए खेलती हैं। उन्होंने अब तक WPL में अपना डेब्यू नहीं किया है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 16 मैच खेले हैं और 11 विकेट झटके हैं। वनडे क्रिकेट के 59 मुकाबलों में इस खिलाड़ी ने 79 विकेट अपने नाम किए हैं। RCB के लिए यह खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।

#4

मारिजान कैप

दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी मारिजान कैप DC के लिए खेलते हुए नजर आएंगी। पिछले सीजन इस खिलाड़ी ने 9 मुकाबले खेले थे और 22.88 की औसत से 9 विकेट झटके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/15 का रहा था। उनकी इकॉनमी सिर्फ 5.72 की रही थी। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 100 मैच खेले हैं और 79 विकेट लिए हैं। कैप के खिलाफ रन बनाना किसी भी बल्लेबाज के लिए मुश्किल का सौदा होगा।

#5

अमेलिया केर 

MI की खिलाड़ी अमेलिया केर का प्रदर्शन पिचले सीजन कमाल का रहा था। वह WPL में दूसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी थी। उन्होंने 10 मैच में 14.06 की औसत से 15 विकेट अपने नाम किए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/22 का रहा था। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की इस खिलाड़ी ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक 67 मैच खेले हैं। इस दौरान 21.82 की औसत से उन्होंने 64 विकेट झटके हैं।