Page Loader
WPL 2024: इन 5 भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन पर होंगी सबकी नजरें 
रेणुका सिंह से RCB को काफी उम्मीद होगी (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2024: इन 5 भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन पर होंगी सबकी नजरें 

Feb 21, 2024
02:48 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के दूसरे संस्करण का आगाज 23 फरवरी से होने जा रहा है। कई स्टार भारतीय खिलाड़ी इस लीग में खेलते हुए नजर आएंगी। पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। पिछले सीजन कई भारतीय गेंदबाजों ने अपने प्रदर्शन से फैंस का दिल जीता था। आइए ऐसे ही 5 भारतीय गेंदबाजों पर नजर डालते हैं जो इस सीजन कमाल कर सकती हैं।

#1

साइका इशाक

MI की खिलाड़ी साइका इशाक पिछले सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज थी। उन्होंने 10 मैच खेले थे और 16.26 की औसत से 15 विकेट झटके थे। वह 3 बार 3 विकेट हॉल लेने में कामयाब रहीं थी और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/11 विकेट का रहा था। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस शानदार प्रदर्शन के कारण ही उनका मौका मिला था। वह अब तक 3 मैच खेली हैं और 5 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं।

#2

शिखा पांडे

DC की तेज गेंदबाज शिखा पांडे ने WPL के पहले सीजन में 9 मैच खेले थे। उस दौरान उन्होंने 21.10 की शानदार औसत के साथ 10 विकेट अपने नाम किए थे। शिखा ने 2 बार 3 विकेट हॉल लिए थे और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/23 विकेट का रहा था। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह भारत के लिए 62 मैच खेल चुकी हैं। इस दौरान 26.16 की औसत से उन्होंने 43 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/14 का रहा है।

#3

रेणुका सिंह

RCB की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह से फ्रेंचाइजी को काफी उम्मीद होगी। उनका पिछला सीजन कुछ खास नहीं रहा था। वह सिर्फ 1 विकेट लेने में कामयाब रहीं थी। हालांकि, वह भारतीय टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आईं हैं। वह शुरुआती ओवर में अपनी स्विंग गेंदों से किसी भी बल्लेबाज को परेशान कर सकती हैं। इसी कारण RCB ने उनपर एक बार फिर भरोसा जताया है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 38 मैच में 39 विकेट झटके हैं।

#4

श्रेयंका पाटिल

RCB की स्पिन गेंदबाज श्रेयंका पाटिल टी-20 लीग क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। उन्हें इसी कारण भारतीय टीम में भी मौका मिला। पिछले सीजन वह RCB के लिए केवल 7 मैच खेल पाई थीं और 20.66 की औसत के साथ 6 विकेट लेने में कामयाब रही थीं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में श्रेयंका ने अब तक 6 मैच खेले हैं और 8 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/19 विकेट का रहा है।

#5

स्नेह राणा 

गुजरात जायंट्स की ऑलराउंडर खिलाड़ी स्नेह राणा अपनी शानदार ऑफ-स्पिन से किसी भी बल्लेबाजी क्रम को परेशान कर सकती हैं। उन्होंने WPL में अब तक 8 मैच खेले हैं और 6 विकेट झटके हैं। पिछला सीजन उनकी टीम का कुछ अच्छा नहीं गया था। स्नेह बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकती हैं। उन्होंने अब तक 25 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और 21.57 की औसत से 24 विकेट ले चुकी हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/9 विकेट का रहा है।