Page Loader
तिलक वर्मा का एशिया कप की टीम में हुआ चयन, जानिए उनका लिस्ट-A करियर 
अब तक 7 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं तिलक (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

तिलक वर्मा का एशिया कप की टीम में हुआ चयन, जानिए उनका लिस्ट-A करियर 

Aug 21, 2023
02:14 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार (21 अगस्त) को आगामी एशिया कप के लिए टीम की घोषणा की है। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली 17 सदस्यीय टीम में तिलक वर्मा सबसे नए चेहरे हैं। हाल ही में वेस्टइंडीज दौरे पर उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी, लेकिन वह अब तक वनडे डेब्यू नहीं कर पाए हैं। आइए तिलक के अब तक के सफर और लिस्ट-A करियर पर एक नजर डालते हैं।

जानकारी

एशिया कप के लिए भारतीय टीम 

भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, तिलक वर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह , मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा और संजू सैमसन (बैकअप) .

परिचय 

साधारण से परिवार से ताल्लुक रखते हैं तिलक 

तिलक का जन्म 8 नवंबर, 2002 में हैदराबाद में हुआ। उनके पिता नागराजू वर्मा एक इलेक्ट्रीशियन के रूप में काम करते थे और उनकी मां गायत्री देवी एक गृहिणी हैं। छोटी उम्र से तिलक को क्रिकेट के प्रति गहरा लगाव था। वह जब अपने दोस्तों के साथ मैदान पर क्रिकेट खेल रहे थे, तब कोच सलाम बयाश की नजर उन पर पड़ी। इसके बाद कोच सलाम ने उन्हें तेलंगाना स्थित क्रिकेट एकेडमी में कोचिंग देना शुरू कर दिया था।

टिकट 

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में छाप छोड़कर हासिल किया IPL का टिकट 

तिलक ने फरवरी 2019 में हैदराबाद की ओर से खेलते हुए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के जरिए अपने टी-20 करियर की शुरुआत की थी। उन्हें 2021-22 सीजन में काफी सफलता मिली, जिसमें उन्होंने 35.83 के औसत और 147.26 के स्ट्राइक रेट से 215 रन बनाए थे। अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले तिलक को IPL 2022 से पहले हुई नीलामी में MI ने 1.70 करोड़ रुपये में अपने साथ शामिल कर लिया था।

IPL 

IPL में प्रभाव छोड़ चुके हैं तिलक 

IPL 2022 में तिलक ने 14 मैचों में 36.09 के औसत और 131.02 के स्ट्राइक रेट से 397 रन बनाए थे, जिसमें 61 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए थे। IPL 2023 में उन्होंने 11 मैचों में 42.88 के औसत और 164.11 के स्ट्राइक रेट के साथ 343 रन बनाए थे। पिछले सीजन में उनके बल्ले से सिर्फ 1 अर्धशतक (84* रन) ही निकला था।

टी-20 

अब तक 7 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं तिलक 

तिलक ने इस महीने की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 5 मैचों में 57.67 की औसत और 140.65 की स्ट्राइक रेट से 173 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 1 अर्धशतक भी लगाया था। वह इस समय आयरलैंड दौरे पर टी-20 सीरीज में खेल रहे हैं और सीरीज के शुरुआती 2 मैचों में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके हैं।

लिस्ट-A 

शानदार रहा है तिलक का लिस्ट-A करियर 

तिलक का 50 ओवर प्रारूप में भी अच्छा प्रदर्शन रहा है। उन्होंने हैदराबाद की ओर से खेलते हुए सौराष्ट्र के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी 2019 में अपना पहला लिस्ट-A मैच खेला था। अब तक के करियर में उन्होंने 25 लिस्ट-A मैचों में 56.18 की औसत और 101.64 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,236 रन बना लिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और इतने ही अर्धशतक भी निकले हैं।