तिलक वर्मा ने भारतीय टीम में अपनी चुनौतीपूर्ण भूमिका पर दिया बड़ा बयान, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच बेंगलुरु में खेला गया 5वां टी-20 मुकाबला भारी बारिश के कारण रद्द करना पड़ा, जिसके साथ ही यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हो गई। इस सीरीज के समापन के बाद भारत के टी-20 उपकप्तान तिलक वर्मा ने बल्लेबाजी क्रम में नीचे किए जाने और फिनिशर के तौर पर मिलने वाली नई चुनौतियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह भूमिका काफी चुनौतीपूर्ण है।
बयान
तिलक ने क्या दिया बयान?
तिलक ने मुकाबले के बाद कहा, "बल्लेबाजी क्रम को नंबर-3 से बदलकर 5 और 6 करना आसान नहीं होता। यह चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन मैं इस पर काम कर रहा हूं कि खेल को कैसे खत्म किया जाए। मैं देश के लिए मैच जीतना करना पसंद करता हूं। एक व्यक्तिगत खिलाड़ी के तौर पर मेरे लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करना ज्यादा आसान होता, लेकिन दुर्भाग्य से ऊपरी क्रम में मजबूत संयोजन के कारण मुझे नंबर 5-6 पर ही खेलना होगा।"
बल्लेबाजी
ईशान किशन को नंबर-3 पर भेजे जाने को लेकर क्या बोले तिलक?
तिलक ने ईशान किशन को नंबर-3 पर भेजे जाने के सवाल पर कहा, "किशन अब नंबर-3 पर बहुत ही शानदार बल्लेबाजी कर रहा है। इसलिए, मेरे लिए अब 5वें और छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने और टीम के लिए काम करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।"
उन्होंने कहा, "मैं मौजूदा भूमिका के लिए मानसिक रूप से तैयार हूं। पिछले कुछ मैचों में मैंने वहां जीत हासिल की है। मुझे पूरा भरोसा है कि मैं वहां भी अच्छा प्रदर्शन करूंगा।"
शैली
तिलक ने निचले क्रम में बल्लेबाजी शैली पर दिया बयान
तिलक ने निचले क्रम में बल्लेबाजी की शैली में बदलाव पर कहा, "हां, हमें ऐसा करना चाहिए, नहीं तो थोड़ी मुश्किल होगी। जब आप फिनिशर के तौर पर बल्लेबाजी करने जाते हैं, अगर कोई धीमी गेंद आपके दायरे में आती है, तो आपको छक्का लगाने की कोशिश करनी चाहिए। टी-20 में ज्यादातर समय, अगर आप 5 या 6 नंबर पर बल्लेबाजी करने जाते हैं, तो आपको अधिकतम 5 से 6 ओवर ही बल्लेबाजी करने को मिलती हैं।"
आंकड़े
तिलक के निचले क्रम पर हैं धमाकेदार आंकड़े
भले ही नई भूमिका चुनौतीपूर्ण हो, लेकिन मध्यक्रम और निचले क्रम पर तिलक के आंकड़े बेहद शानदार हैं।
उन्होंने नंबर 5 और 6 पर कुल 24 पारियां खेली हैं, जिनमें 46 की औसत और 158 की स्ट्राइक रेट से रन बनाने में सफल रहे हैं।
इसी तरह नंबर-6 पर उन्होंने 9 मैचों में 65.66 की औसत और 195 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। इससे साफ है कि तिलक अपनी बल्लेबाजी स्थित के साथ खेलने का अंदाज बदलते हैं।