LOADING...
IPL इतिहास में इन विकेटकीपर ने किए हैं सर्वाधिक शिकार 
धोनी ने IPL में बतौर विकेटकीपर सर्वाधिक शिकार किए हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में इन विकेटकीपर ने किए हैं सर्वाधिक शिकार 

Mar 18, 2025
03:45 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की शुरुआत 22 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मैच से हो जाएगी। आगामी संस्करण में कुल 74 मैच खेले जाएंगे और इसका फाइनल मुकाबला ईडन गार्डन स्टेडियम में 24 मई को खेला जाएगा। इस बार पहले मैच में ही CSK की टीम से महेंद्र सिंह धोनी खेलते हुए नजर आएंगे। इस बीच उन विकेटकीपरों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने सर्वाधिक शिकार किए हैं।

#1 

महेंद्र सिंह धोनी 

धोनी ने अपने IPL करियर में अब तक कुल 190 शिकार किए हैं। वह लीग में 200 शिकार करने वाले पहले विकेटकीपर बन जाएंगे। धोनी ने IPL में कुल 148 कैच और 42 स्टंपिंग की हैं। वह लीग इतिहास में 150 कैच पकड़ने वाले पहले विकेटकीपर बन जाएंगे। वह 50 स्टंपिंग भी पूरे करने के करीब हैं। अपने IPL करियर में वह अब तक 39.12 की औसत से 5,243 रन बनाए हैं।

#2 

दिनेश कार्तिक 

दिनेश कार्तिक इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अपने IPL करियर में 257 मैचों में 174 शिकार किए थे। उन्होंने 137 कैच और 37 स्टंपिंग की थी। कार्तिक आखिरी बार IPL 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से खेलते हुए नजर आए थे। वह IPL 2025 में RCB के मेंटर और बल्लेबाजी कोच के रूप में टीम के साथ नई भूमिका निभा रहे हैं।

#3 

रिद्धिमान साहा 

रिद्धिमान साहा का जिक्र विश्व के सबसे फुर्तीले विकेटकीपर में होता है। उन्होंने IPL करियर में 149 पारियों में कीपिंग की, जिसमें कुल 113 शिकार में उनका सहयोग रहा। इस बीच उन्होंने 87 कैच और 26 स्टंपिंग की। आखिरी बार वह IPL 2024 में गुजरात टाइटंस की ओर से खेले थे। साहा ने IPL में कुल 5 टीमों का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने अब खेल के सभी प्रारूप से संन्यास ले लिया है।

#4 

ऋषभ पंत 

ऋषभ पंत ने IPL में अब तक 101 पारियों में विकेटकीपिंग की है, जिसमें 95 शिकार किए हैं। इस बीच उन्होंने 72 कैच और 23 स्टंपिंग की हैं। वह आगामी सीजन के दौरान अपने 100 शिकार पूरे कर लेंगे। IPL 2025 में पंत लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी करेंगे। बता दें कि उन्हें बड़ी नीलामी में LSG ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह लीग इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे।