LOADING...
इन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने WTC में बनाए हैं 3,000 से अधिक रन
WTC में 4,000 से अधिक रन बना चुके हैं स्मिथ (तस्वीर: एक्स/@ICC)

इन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने WTC में बनाए हैं 3,000 से अधिक रन

Jun 06, 2025
03:56 pm

क्या है खबर?

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के पहले चक्र की शुरुआत 2019 में हुई थी और अब तीसरे चक्र का फाइनल 11 जून से होना है। इस बार खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम से 11 जून से होना है। ऑस्ट्रेलिया ने पिछले चक्र का फाइनल जीता था और इस बार कंगारू टीम खिताब का बचाव करने उतरेगी। इस बीच WTC में 3,000 से अधिक रन बना चुके ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

मार्नस लाबुशेन (4,186 रन)

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों में WTC में सर्वाधिक रन फिलहाल मार्नस लाबुशेन ने बनाए हैं। उन्होंने अब तक 52 मैचों की 94 पारियों में 48.67 की औसत के साथ 4,186 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 11 शतक और 22 अर्धशतक लगाए हैं। हालांकि, WTC 2023-25 में उनका बल्ला नहीं चल पाया है। उन्होंने इस चक्र में 36 पारियों में 28.33 की औसत के साथ सिर्फ 935 रन बनाए हैं, जिसमें सिर्फ 1 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं।

#2 

स्टीव स्मिथ (4,072 रन)

टेस्ट क्रिकेट के महान बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने WTC के तीनों चक्र को मिलाकर अब तक 52 मैच खेले हैं, जिसमें 50.90 की औसत के साथ 4,072 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 13 शतक और 17 अर्धशतक लगाए हैं। WTC 2023-25 में उन्होंने अब तक 35 पारियों में 41.37 की औसत के साथ 1,324 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 5 शतक और 4 अर्धशतक अपने नाम किए हैं।

#3 

उस्मान ख्वाजा (3,165 रन)

उस्मान ख्वाजा उन चुनिंदा बल्लेबाजों में से हैं, जिन्होंने WTC में 3,000 से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने WTC (2019-2025) में 39 मैच खेले, जिसमें 48.69 की औसत के साथ 3,165 रन बनाए। इस बीच 232 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 8 शतक और 13 अर्धशतक लगाए। WTC 2023-25 में इस सलामी बल्लेबाज ने 37 पारियों में 41.82 की औसत के साथ 1,422 रन बनाए, जिसमें 2 शतक शामिल हैं।

#4 

ट्रेविस हेड (3,056 रन)

पिछले कुछ समय में खेल के हर प्रारूप में ट्रेविस हेड ने अच्छा प्रदर्शन किया है। टेस्ट में भी उनके आंकड़े अच्छे रहे हैं। उन्होंने WTC (2019-2025) में 48 मैच खेले, जिसमें 41.29 की औसत के साथ 3,056 रन बनाए। इस बीच 175 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 8 शतक और 13 अर्धशतक लगाए। उन्होंने इस चक्र में 34 पारियों में 35.66 की औसत से 1,177 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं।