जिम्बाब्वे दौरे पर 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी भारतीय टीम, कार्यक्रम की हुई घोषणा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम जुलाई 2026 में टी-20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का दौरा करेगी और इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कार्यक्रम की घोषणा की है। 3 मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई को खेला जाएगा। BCCI ने भारतीय टीम के व्यस्त कार्यक्रम का ऐलान किया है। बता दें कि जुलाई में ही भारत को इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज (जिम्बाब्वे दौरे से पहले) में हिस्सा लेना है।
कार्यक्रम
हरारे में ही खेले जाएंगे टी-20 सीरीज के मैच
हरारे में ही टी-20 सीरीज के तीनों मैच खेले जाएंगे। 23 जुलाई को सीरीज की शुरुआत के बाद 25 और 26 जुलाई को अगले 2 टी-20 मैच होने हैं। बता दें कि जिम्बाब्वे की टीम इसके बाद 2027 की शुरुआत में भारत दौरे पर वनडे सीरीज में हिस्सा लेगी। जिम्बाब्वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भारत के खिलाफ 3 वनडे मुकाबलों की सीरीज 3 जनवरी (कोलकाता), 6 जनवरी (हैदराबाद) और 9 जनवरी (मुंबई) को खेलेगी।
कार्यक्रम
इस साल बेहद व्यस्त है भारतीय टीम का कार्यक्रम
भारतीय टीम के लिए ये साल टी-20 क्रिकेट के लिहाज से बेहद व्यस्त रहने वाला है। भारत को जून में आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है और इसके बाद जुलाई में इंग्लैंड के विरुद्ध 5 मैचों की टी-20 सीरीज में हिस्सा लेना है। भारतीय टीम अक्टूबर 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज और दिसंबर में श्रीलंका के विरुद्ध 3 मैचों की सीरीज की मेजबानी करेगी।