
टेस्ट क्रिकेट: 150 से अधिक कैच पकड़ने वाले भारतीय विकेटकीपर
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के ऋषभ पंत ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में उपलब्धि हासिल की। दरअसल, उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर 150 कैच पूरे किए। उन्होंने मैच के तीसरे दिन के दौरान ये मुकाम हासिल किया। वह टेस्ट क्रिकेट में 150 कैच पकड़ने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय विकेटकीपर बने। इस बीच टेस्ट में भारत से सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले विकेटकीपर के बारे में जानते हैं।
#1
महेंद्र सिंह धोनी (256 कैच)
महेंद्र सिंह धोनी इस सूची में शीर्ष पर हैं। उन्होंने विकेट के पीछे चुस्ती और फुर्ती से दुनिया भर में नाम बनाया था। उन्होंने भारत की ओर से 90 टेस्ट खेले थे, जिसमें 256 कैच पकड़े थे। उन्होंने सबसे ज्यादा कैच इंग्लैंड के खिलाफ (63) पकड़े थे। उन्होने 36 स्टंपिंग भी की थी। बल्लेबाजी में उन्होंने 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए थे, जिसमें 6 शतक भी शामिल थे।
जानकारी
टेस्ट में सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले एशियाई विकेटकीपर हैं धोनी
धोनी टेस्ट में सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले एशियाई विकेटकीपर भी हैं। एशिया में उनके बाद दूसरे सर्वाधिक कैच पाकिस्तान के वसीम बरी (201) ने पकड़े थे।
#2
सैयद किरमानी (160 कैच)
सैयद किरमानी ने 1976 से 1986 तक भारत का 88 टेस्ट में प्रतिनिधित्व किया था, जिसमें उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर कुल 198 शिकार किए थे। इस बीच उन्होंने 160 कैच और 38 स्टंपिंग की थी। उन्होंने सबसे ज्यादा कैच पाकिस्तान के खिलाफ (45) लिए थे। बल्लेबाजी में उन्होंने 27.04 की औसत के साथ 2,759 रन बनाए थे। उन्होंने 2 शतक और 12 अर्धशतक भी अपने नाम किए थे।
#3
ऋषभ पंत (150+ कैच)
पंत ने प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर ओली पोप का कैच पकड़ा, जो कि उनके टेस्ट करियर का 150वां कैच साबित हुआ। उन्होंने अब तक 44 टेस्ट की 86 पारियों में 150 से अधिक कैच पकड़े हैं। ऑस्ट्रेलिया इकलौता ऐसा देश है, जिसके खिलाफ उन्होंने 50 से अधिक कैच (53) लपके हैं बल्लेबाजी की बात करें तो पंत अपने टेस्ट करियर में 3,000 से अधिक रन बना चुके हैं।