टेस्ट क्रिकेट: इंग्लैंड के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले पाकिस्तानी गेंदबाज
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच 19 अगस्त से 3 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने वाली है। दोनों टीमों के बीच मुकाबलों में गेंदबाजों की भूमिका हमेशा से अहम रही है। पाकिस्तान के कुछ गेंदबाजों ने इंग्लैंड के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को कई बार परेशान किया है। ऐसे में आइए उन पाकिस्तानी गेंदबाजों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया है।
#1
अब्दुल कादिर (9/56, साल-1987)
इस सूची में पहले स्थान पर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज अब्दुल कादिर हैं।
साल 1987 में इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान दौरे पर गई थी। सीरीज का पहला टेस्ट लाहौर में खेला गया था।
इंग्लैंड की पहली पारी 175 रन पर सिमट गई थी। कादिर ने 37 ओवर में 13 मेडन रखते हुए 56 रन देकर 9 विकेट लिए थे। उनकी इकॉनमी रेट 1.51 रही थी।
पाकिस्तान ने यह मुकाबला पारी और 87 रन से अपने नाम किया था।
#2
नौमान अली (8/46, साल- 2024)
सूची में दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज नौमान अली हैं। साल 2024 में इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान के दौरे पर आई थी।
सीरीज का दूसरा टेस्ट मुल्तान में खेला गया था।
इंग्लैंड को जीत के लिए 297 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन उनकी टीम 144 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
नौमान अली ने 16.3 ओवर गेंदबाजी की थी और एक मेडन के साथ 46 रन देकर 8 विकेट चटकाए थे। उनकी इकॉनमी 2.78 की रही थी।
#3
सकलैन मुश्ताक (8/164, साल- 2000)
तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के पूर्व ऑफ स्पिनर सकलैन मुश्ताक हैं।
साल 2000 में इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान दौरे पर गई थी। सीरीज का पहला टेस्ट लाहौर में हुआ था।
इंग्लैंड ने पहली पारी 480/8 के स्कोर पर घोषित कर दी थी। सकलैन ने 74 ओवर गेंदबाजी की थी और 20 मेडन के साथ 164 रन खर्च करते हुए 8 विकेट अपने नाम किए थे। उनकी इकॉनमी 3 की रही थी।
ये मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।
#4
इमरान खान (7/40, साल- 1987)
साल 1987 में पाकिस्तान इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज खेलने गई थी। तीसरा मुकाबला लिड्स के मैदान पर हुआ था।
इंग्लैंड की दूसरी पारी केवल 199 रन पर समाप्त हो गई थी। दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी इमरान खान ने 19.1 ओवर गेंदबाजी की थी और 5 मेडन के साथ 40 रन खर्च करते हुए 7 विकेट लिए थे।
उनकी इकॉनमी 2.08 की रही थी।
उस मैच को पाकिस्तान ने पारी और 18 रन से अपने नाम किया था।