जसप्रीत बुमराह के लिए भारतीय टीम प्रबंधन की खास योजना तैयार, जानिए पूरी जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज में नजर नहीं आ सकते हैं। भारतीय टीम प्रबंधन चाहता है कि वह दौरे के टेस्ट मुकाबलों पर ध्यान दें। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह पूरी तरह फिट हैं, लेकिन टीम प्रबंधन उनका गेंदबाजी कार्यभार धीरे-धीरे बढ़ाना चाहता है। इसके लिए वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट से पूर्व इंडिया-A के तीसरे मुकाबले में खेल सकते हैं।
शुरू
इस महीने के अंत में COE पहुंचेंगे बुमराह
इंडिया-A का मुकाबला 6 नवंबर से शुरू होगा, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच 19 नवंबर से वेलिंगटन में खेला जाएगा।
दोनों मुकाबलों के बीच पर्याप्त समय है। बुमराह अहमदाबाद में लाल गेंद से होने वाले मुकाबलों की तैयारी शुरू कर चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक, वह इस महीने के अंत में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में पहुंचेंगे। इसके बाद वह न्यूजीलैंड दौरे के लिए रवाना होंगे।
घटनाक्रम
टीम प्रबंधन चाहता है कि टेस्ट सीरीज के लिए तैयार रहे बुमराह
घटनाक्रम पर नजर रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि बुमराह पूरी तरह फिट हैं, लेकिन लंबे दौरे को देखते हुए प्राथमिकताएं तय करना जरूरी है।
टेस्ट सीरीज बेहद अहम है, इसलिए बुमराह से वनडे में लगातार गेंदबाजी कराने और फिर अचानक टेस्ट प्रारूप पर ध्यान केंद्रित करने का कोई मतलब नहीं है।
बुमराह भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ हैं और फिलहाल टीम प्रबंधन चाहता है कि वह तरोताजा रहें और टेस्ट सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार हों।
चोट
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी बुमराह को रखना है तैयार
इस साल की शुरुआत में घुटने की चोट के कारण बुमराह श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों से बाहर रहे थे।
इसी कारण टीम प्रबंधन उन्हें पूरी तरह तैयार रखना चाहता है। इसे लेकर अहम अधिकारियों के साथ कई दौर की चर्चा हुई है।
योजना सिर्फ न्यूजीलैंड दौरे तक सीमित नहीं है, बल्कि अगले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले 5 टेस्ट भी इसके केंद्र में हैं।
ऐसे में बुमराह को गैरजरूरी द्विपक्षीय मुकाबलों से दूर रखना हैरान नहीं करेगा।
सूत्र
बुमराह के लिए पूरी ताकत से बनाई जा रही है योजना
सूत्र ने आगे कहा, "बुमराह के लिए ये योजना सिर्फ न्यूजीलैंड सीरीज के लिए नहीं है, बल्कि अगले साल होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को लेकर भी चर्चा चल रही है। बुमराह को कम अहमियत वाली द्विपक्षीय सीरीज में खिलाकर उनकी ऊर्जा और फिटनेस गंवाने का कोई मतलब नहीं बनता है। फिलहाल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) पर हमारा पूरा ध्यान केंद्रित है और इसके लिए योजना बनाने में पूरी ताकत लगाई जाएगी।"