Page Loader
टी-20 क्रिकेट: भारत के खिलाफ इंग्लैंड के इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 
जोस बटलर इस सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 क्रिकेट: भारत के खिलाफ इंग्लैंड के इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 

Jan 18, 2025
10:02 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज 22 जनवरी से होने जा रहा है। इस सीरीज के लिए दोनों टीमों का ऐलान कर दिया गया है। सूर्यकुमार यादव भारत के कप्तान होंगे और जोस बटलर इंग्लैंड की कमान संभालेंगे। दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक सीरीज होने की उम्मीद है। ऐसे में आइए भारत के खिलाफ टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले इंग्लैंड के बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1

जोस बटलर

पहले स्थान पर इंग्लैंड के कप्तान बटलर हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2011 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 22 मैच खेले हैं। इसकी 19 पारियों में 33.20 की औसत और 145.61 की उम्दा स्ट्राइक रेट के साथ 498 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 4 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 83* रन रहा है। बटलर के अलावा इंग्लैंड का कोई भी बल्लेबाज भारत के खिलाफ 400 रन भी नहीं बना पाया है।

#2

जेसन रॉय 

इस सूची में दूसरे स्थान पर सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय हैं। उन्होंने साल 2014 में भारत के खिलाफ पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। उन्होंने आखिरी बार साल 2022 में भारत के खिलाफ टी-20 मैच खेला था। रॉय ने 15 मैच की 15 पारियों में 23.73 की औसत और 131.85 की स्ट्राइक रेट से 356 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला था। रॉय का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 67 रन रहा था।

#3

इयोन मॉर्गन

सूची में चौथे स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज इयोन मॉर्गन हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ साल 2014 में पहला टी-20 मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह 2021 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 16 मैच की 14 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 26.69 की औसत और 141.63 की स्ट्राइक रेट से 347 रन बनाए थे। मोर्गन के बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे। उनका भारत के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर 71 रन रहा था।

#4

एलेक्स हेल्स

सूची में चौथे स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स हैं। उन्होंने पहली बार साल 2011 में भारत के खिलाफ टी-20 मैच खेला था। आखिरी बार वह 2022 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 10 मैच की 10 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 41.37 की औसत और 134.55 की स्ट्राइक रेट से 331 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकला था। हेल्स का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 86* रन रहा है।