Page Loader
टी-20 विश्व कप: भारत ने जिम्बाब्वे को हराया, सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा मुकाबला
भारत ने आसानी से दर्ज की जीत (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

टी-20 विश्व कप: भारत ने जिम्बाब्वे को हराया, सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा मुकाबला

Nov 06, 2022
05:18 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2022 के 42वें मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे को 71 रनों से हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया है। मेलबर्न में खेले गए मैच में भारत ने पहले खेलते हुए सुर्यकुमार यादव (61*) और केएल राहुल (51) के अर्धशतकों की मदद से 186/6 का स्कोर बनाया। जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 18वें ओवर में महज 115 रन बनाकर सिमट गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

भारत ने आसानी से दर्ज की जीत

भारत से रोहित शर्मा (15) और विराट कोहली (26) बड़ी पारी नहीं खेल सके। हालांकि, राहुल ने अर्धशतक लगाकर पारी को संभाला। आखिरी ओवरों में सूर्यकुमार ने तेजी से रन बटोरकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप से नई गेंद से विकेट लेकर जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब कर दी। इसके बाद भी जिम्बाब्वे ने नियमित अंतराल में विकेट खोए। रयान बर्ल (34) और सिकंदर रजा (35) ने संघर्ष किया लेकिन जीत नहीं दिला सके।

जानकारी

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया सर्वोच्च स्कोर

इस मैच में भारतीय टीम को ओर से बनाया गया स्कोर भारत का जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वोच्च टीम स्कोर बन गया है। इससे पहले भारत ने पिछला सर्वोच्च स्कोर 2015 में हरारे (178/5) बनाया था।

सेमीफाइनल

सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा भारत

ग्रुप-2 में मौजूद भारत की यह पांच मैचों में चौथी जीत है। रोहित के नेतृत्व में भारत ने आठ अंको के साथ शीर्ष पर रहते हुए ग्रुप स्टेज का समापन किया है। भारत को ग्रुप स्टेज में सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शिकस्त मिली थी। अब भारत का सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड से सामना होगा। यह मुकाबला 10 नवंबर को एडिलेड ओवल में खेला जाना है। वहीं न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच पहला सेमीफाइनल 09 नवंबर को खेला जाएगा।

उपलब्धि

'प्लेयर ऑफ द मैच' बने सूर्यकुमार

सूर्यकुमार ने 25 गेंदों में छह चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 61 रनों की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इस साल उन्होंने अब तक 28 पारियों में 1,026 रन बना लिए हैं। वह 2022 में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा सूर्यकुमार भारत की ओर से एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 रन पूरे करने वाले पहले और विश्व के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं।

राहुल

राहुल ने लगाया लगातार दूसरा अर्धशतक

राहुल ने अच्छी बल्लेबाजी की और अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 22वां अर्धशतक 34 गेंदों में पूरा किया। राहुल ने कोहली के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे राहुल 35 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। यह मौजूदा विश्व कप में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने अपने पिछले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ 50 रन बनाए थे।

भुवनेश्वर

भुवनेश्वर ने बनाए ये रिकॉर्ड्स

भुवनेश्वर कुमार ने आज एक ओवर मेडेन किया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 10वां मेडेन ओवर है, जो किसी गेंदबाज द्वारा सर्वाधिक हैं। उनके बाद इस सूची में जसप्रीत बुमराह (9) हैं। भुवनेश्वर ने जिम्बाब्वे की पारी की पहली गेंद पर वेस्ली मधेवेरे का विकेट लिया। इस साल उन्होंने तीसरी बार पहली गेंद में विकेट हासिल किया है। उनके अलावा कोई अन्य गेंदबाज 2022 में पारी की पहली गेंद में दो बार भी विकेट नहीं ले सका है।