टी-20 विश्व कप: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने आयरलैंड को हराया, बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप के 32वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने आयरलैंड को 42 रनों से हरा दिया है। यह इस संस्करण में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी जीत है।
गाबा में खेले गए मैच में आरोन फिंच के अर्धशतक (63) की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए 179/5 का स्कोर बनाया।
जवाब में आयरिश टीम 18.1 ओवरों में 137 रन पर ही सिमट गई।
मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
ऑस्ट्रेलिया ने इस तरह से दर्ज की जीत
ऑस्ट्रेलिया ने आठ के स्कोर पर डेविड वार्नर (3) का विकेट खो दिया। इसके बाद फिंच ने मिचेल मार्श (28) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। वहीं फिंच ने स्टोइनिस के साथ पांचवे विकेट के लिए 76 रन जोड़े और टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में आयरलैंड ने 25 के स्कोर तक अपने पांच विकेट खो दिए। वहीं लोर्कन टकर (71*) ने कुछ संघर्ष किया लेकिन जीत नहीं दिला सके।
जानकारी
दूसरे स्थान पर पहुंची ऑस्ट्रेलिया
यह ऑस्ट्रेलिया की दूसरी जीत है और पांच अंको के साथ ग्रुप-1 में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस ग्रुप में न्यूजीलैंड पांच अंको के साथ ही शीर्ष पर मौजूद हैं। आयरलैंड चौथे स्थान पर मौजूद है।
अर्धशतक
फिंच ने लगाया 19वां अर्धशतक
आरोन फिंच शुरुआत में लय हासिल करने के लिए जूझते हुए नजर आए। हालांकि, एक बार क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने 38 गेंदों में अपना 19वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 44 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 63 रन बनाए।
फिंच ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में अब तक 103 मैच खेले हैं, जिसमें 34.28 की औसत और 142.53 की स्ट्राइक रेट से 3,120 रन अपने नाम किए हैं।
सर्वाधिक छक्के
फिंच ने छक्कों के मामले में गेल को पीछे छोड़ा
फिंच के नाम अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीसरे सबसे अधिक छक्के (125) हो गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के क्रिस गेल को पछाड़ दिया है, जिन्होंने 124 छक्के लगाए हैं।
भारत के रोहित शर्मा (182) और न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल (173) इस सूची में शीर्ष दो स्थानों पर काबिज हैं।
इयोन मोर्गन (120) और विराट कोहली (115) जैसे खिलाड़ी सबसे छोटे प्रारूप में छक्कों के मामले में गेल के बाद आते हैं।
उपलब्धि
जैम्पा ने अपने टी-20 करियर में पूरे किए 250 विकेट
एडम जैम्पा ने अपने चार ओवरों में 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इसके साथ ही उन्होंने टी-20 करियर में अपने 250 विकेट पूरे कर लिए हैं।
वह टी-20 क्रिकेट में विकेटों का यह आंकड़ा छूने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले स्पिनर बन गए हैं।
उनके अब 217 टी-20 मैचों में 251 विकेट हो गए हैं। इस बीच वह तीन मैचों में फाइव विकेट हॉल ले चुके हैं।
टकर
टकर ने लगाया पांचवा अर्धशतक
टकर ने एक छोर से अपना संघर्ष जारी रखा और अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवा अर्धशतक 40 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने 48 गेंदों में नाबाद 71 रनों की पारी खेली।
उन्होंने रनों के मामले में अपने देश के हैरी टेक्टर (834) को पीछे छोड़ दिया है। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आयरलैंड की ओर से छठे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
टकर के 48 मैचों में 862 रन हो गए हैं।
लिटिल
आयरलैंड के तीसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने लिटिल
जोशुआ लिटिल ने 21 रन देकर दो सफलताएं हासिल की। उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 52 मैचों में 24.59 की औसत और 7.70 की इकॉनमी रेट से 59 विकेट हो गए हैं। वह आयरलैंड की ओर से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने केविन ओब्रायन (58) को पीछे छोड़ दिया है।
लिटिल से ज्यादा विकेट लेने वाले आयरिश गेंदबाज सिर्फ जॉर्ज डॉकरेल (81) और अडायर (75) हैं।