रोहित शर्मा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 4,000 रन पूरे करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2024 में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मुकाबले के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के रोहित शर्मा ने अहम उपलब्धि हासिल की है।
दरअसल, भारतीय कप्तान ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 4,000 रन पूरे किए हैं।
उन्होंने आयरिश टीम के विरुद्ध 26 रन बनाते ही ये आंकड़ा छूआ। वह इस आंकड़े को पार करने वाले विश्व के सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने हैं।
आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
सूची
विराट कोहली और बाबर आजम की सूची में शामिल हुए रोहित
रोहित 37 गेंदों पर 52 रन बनाकर रिटायर्ट हर्ट हुए। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 4,000 रन पूरे किए।
वह अब कोहली और बाबर आजम के बाद खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 4,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने हैं। रोहित ने 152 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में ये आंकड़ा पार किया है।
बता दें कि बाबर ने अपने 119वें मैच में और कोहली ने 115वें मैच में 4,000 रन पूरे किए थे।
रोहित
रोहित ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स
रोहित ने टी-20 विश्व कप में अपने 1,000 रन पूरे किए हैं। इस बीच रोहित ने पूर्व कैरेबियाई दिग्गज क्रिस गेल (965) को रनों के मामले में पीछे छोड़ा है।
वह इस टूर्नामेंट में 1,000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले सिर्फ कोहली और महेला जयवर्धने (1,016) ही ऐसा कर पाए हैं।
इसके साथ-साथ रोहित ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 600 छक्के भी पूरे किए हैं।
उपलब्धि
टी-20 विश्व कप के सभी संस्करण खेलने वाले इकलौते भारतीय
रोहित उन 2 खिलाड़ियों में शामिल है, जिन्होंने अब तक हुए सभी 8 संस्करण (2007, 2009, 2010, 2012, 2014, 2016, 2021 और 2022) में हिस्सा लिया है।
उनके अलावा सिर्फ बांग्लादेश के शाकिब अल हसन ही ऐसा करने वाले खिलाड़ी हैं।
दिलचस्प रूप से शाकिब भी इस संस्करण में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं।
रोहित टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक 40 मैचों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी भी हैं।
आंकड़े
बेमिसाल रहा है रोहित का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
रोहित ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत 2007 के टी-20 विश्व कप से की थी।
उन्होंने अब अब तक 152 मैच खेले हैं, जिसकी 144 पारियों में लगभग 32 की औसत और 139.98 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,026 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 121* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 5 शतक और 30 अर्धशतक भी लगाए हैं।
वह ग्लेन मैक्सवेल के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं।