Page Loader
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 3,000 रन पूरे करने की कगार पर हैं रोहित, जानें उनके आंकड़े
रोहित शर्मा

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 3,000 रन पूरे करने की कगार पर हैं रोहित, जानें उनके आंकड़े

Nov 06, 2021
05:47 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम टी-20 विश्व कप के अपने अंतिम लीग चरण के मैच में सोमवार को नामीबिया से भिड़ेगा। भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 3,000 रनों के आंकड़े के करीब हैं। उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए केवल 18 रनों की जरूरत है। रोहित 3,000 रन पूरे करने वाले विराट कोहली के बाद सिर्फ दूसरे भारतीय बन जाएंगे। उनके टी-20 क्रिकेट के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

जानकारी

फिलहाल तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं रोहित

फिलहाल रोहित के नाम 115 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 32.41 की औसत से 2,982 रन हैं। वह इस समय रनों के मामले में केवल कोहली (3,227) और मार्टिन गुप्टिल (3,087) से पीछे हैं।

उपलब्धियां

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रोहित की उपलब्धियों पर एक नजर

रोहित सबसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच (115) खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। वह शोएब मलिक (120) और मोहम्मद हफीज (117) के बाद विश्व के तीसरे सबसे ज्यादा टी-20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। इसके अलावा रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे अधिक (4) शतक जड़े हैं। कोहली (29) के बाद वह दूसरे सबसे अधिक 50 से अधिक स्कोर (27) करने वाले बल्लेबाज हैं।

तेज शतक

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक

रोहित के नाम टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भारतीय द्वारा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड है। उन्होंने दिसंबर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 43 गेंदों में 118 रन बनाए थे। रोहित ने 35 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया था, जो डेविड मिलर और सुदेश विक्रमशेखर के साथ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक हैं। रोहित ने गुप्टिल (155) के बाद टी-20 प्रारूप में दूसरे सबसे अधिक छक्के (138) भी लगाए हैं।

टी-20 क्रिकेट

टी-20 में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय

टी-20 क्रिकेट में रोहित, कोहली के बाद भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 360 मैचों में 31.88 की औसत से 9,564 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने छह शतक और 66 अर्धशतक लगाए हैं। 34 वर्षीय रोहित ने टी-20 में भारत की ओर से सर्वाधिक छक्के (405) लगाए हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (5,611) में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

जानकारी

जीते हुए मुकाबलों में सर्वाधिक रन

रोहित ने जीते हुए मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उनके 2,982 रन में से 2,332 रन जीते हुए मुकाबलों में आए हैं। कोहली (2,153), गुप्टिल (1,973), हफीज (1,768) और बाबर आजम (1,737) जैसे खिलाड़ी इस सूची में रोहित से पीछे हैं।