टी-20: तिलक वर्मा ने पूरे किए 5,000 रन, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने टी-20 क्रिकेट में 5,000 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 13वां रन बनाते ही यह उपलब्धि हासिल की। मध्यक्रम के इस बल्लेबाज ने मुकाबले में 18 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। भारत ने इस मुकाबले में 249/5 का स्कोर खड़ा किया। हालांकि, इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा।
रिकॉर्ड
ऐसा करने वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं तिलक
तिलक ने टी-20 में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
वह इस प्रारूप में 5,000 रन पूरे करने वाले ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिनका बल्लेबाजी औसत 40 से अधिक और स्ट्राइक रेट 140 से ज्यादा है।
इस उपलब्धि के साथ तिलक ने अपनी निरंतरता और आक्रामक बल्लेबाजी का दम दिखाया है।
उनके अलावा और कोई भी बल्लेबाज ऐसा नहीं कर पाया है। तिलक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 4 बार नाबाद 40+ रन बनाने वाले इकलौते भारतीय भी हैं।
टी-20
तिलक के टी-20 करियर पर एक नजर
तिलक ने टी-20 क्रिकेट में 5,000 रन का आंकड़ा 175वें मैच में हासिल किया। उन्होंने अब तक 166 पारियों में 41.57 की औसत और 145.36 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
इस सूची में शामिल भारतीय बल्लेबाजों में सिर्फ केएल राहुल (42.73) और विराट कोहली (42.44) का औसत उनसे बेहतर है।
तिलक के नाम टी-20 में 5 शतक, 30 अर्धशतक दर्ज हैं। भारत के लिए इस खिलाड़ी ने 67 मैचों में 1,763 रन बनाए हैं।