LOADING...
टी-20 विश्व कप की टीम में चुने गए अश्विन का कैसा रहा है टी-20 करियर?
टी-20 विश्व कप की टीम में चुने गए हैं अश्विन (तस्वीर: ट्विटर/@T20WorldCup)

टी-20 विश्व कप की टीम में चुने गए अश्विन का कैसा रहा है टी-20 करियर?

Sep 14, 2022
11:22 am

क्या है खबर?

अनुभवी ऑफस्पिनर रविचंद्रन अश्विन टी-20 विश्व कप 2022 के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह जगह बनाने में सफल हुए हैं। इस साल सिर्फ पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाले अश्विन पर भारतीय चयनकर्ताओं ने एक बार फिर से भरोसा जताया है। अश्विन के अलावा 15 सदस्यीय टीम में युजवेंद्र चहल और अक्षर पटेल के रूप में दो अन्य स्पिनर मौजूद हैं। इस बीच अश्विन के टी-20 क्रिकेट के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

ऐसा रहा है अश्विन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

अश्विन ने अब तक 56 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें उन्होंने 21.77 की शानदार औसत से 66 विकेट लिए हैं। इस बीच वह मैच में दो बार, चार-चार विकेट भी ले चुके हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आठ रन पर चार विकेट लेना रहा है, जो उन्होंने फरवरी 2016 में श्रीलंका के खिलाफ किया था। दिलचस्प बात यह है कि उनका इकॉनमी रेट सात से नीचे (6.81) है।

IPL करियर

ऐसा रहा है अश्विन का IPL करियर

अश्विन ने IPL में चेन्नई सुपर किंग्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेला है। अश्विन लीग इतिहास में अभी संयुक्त रूप से पांचवे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। 184 IPL मैचों में अश्विन ने 28.89 की औसत के साथ 157 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी सात से कम (6.98) की रही है। अश्विन के लिए एक सीजन में सबसे अधिक 20 विकेट लेना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

Advertisement

IPL 2022

IPL 2022 में ऐसा रहा अश्विन का प्रदर्शन

IPL 2022 की नीलामी में RR ने अश्विन को पांच करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा था। पिछले सीजन में उन्होंने 17 मैच खेले, जिसमें 41.92 की औसत और 7.51 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट चटकाए थे। दूसरी तरफ अश्विन ने बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया था। उन्होंने IPL 2022 में 27.29 की औसत और 141.48 की स्ट्राइक रेट से 191 रन बनाए थे। उनकी टीम उपविजेता रही थी।

Advertisement

2022

इस साल अश्विन ने खेले हैं पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच

अश्विन को इस साल अब तक पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय में मौका मिला है, जिसमें उन्होंने 27.80 की औसत से पांच विकेट ही हासिल किए हैं। इस बीच उनका इकॉनमी रेट 6.95 का रहा है। वह हाल ही में एशिया कप 2022 में खेलते हुए नजर आए थे। इस बार विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में होना है और अश्विन ने ऑस्ट्रेलियाई जमीं पर भी पांच मैच खेले हैं और पांच ही विकेट लिए हैं।

जानकारी

अश्विन ने खेल लिए हैं 287 मैच

अश्विन ने अब तक कुल 287 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें 25.58 की औसत और 6.95 की इकॉनमी रेट से 281 विकेट लिए हैं। वह मैच में चार बार चार-चार विकेट ले चुके हैं।

Advertisement