न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा बन सकते हैं सूर्यांश शेडगे- रिपोर्ट
क्या है खबर?
मुंबई के ऑलराउंडर खिलाड़ी सूर्यांश शेडगे न्यूजीलैंड दौरे पर भारत की वनडे टीम का हिस्सा बन सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ हाल ही में खेली गई लिस्ट-A सीरीज में उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था। 23 वर्षीय शेडगे इंग्लैंड दौरे पर भारत के लिए 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के बाद उन्होंने पुडुचेरी में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की। उन्हें हार्दिक पांड्या की जगह मौका मिला था।
सूत्र
इस कारण मिल सकता है शेडगे को मौका
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र के मुताबिक, शेडगे के न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने जाने की काफी संभावना है।
सूत्र ने पीटीआई को बताया कि टेस्ट सीरीज में नितीश रेड्डी की अहम भूमिका होगी। वह चौथे तेज गेंदबाज के साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
ऐसे में रेड्डी सभी वनडे मैच नहीं खेलेंगे, क्योंकि उन्हें टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए आराम और समय की जरूरत होगी।
टीम
चयनकर्ता शेडगे के प्रदर्शन के काफी प्रभावित हैं
भारत और न्यूजीलैंड के बीच लंबे दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी। इस दौरान 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बाद इतनी ही वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड में होगा।
टी-20 सूर्यांश शेडगे का मजबूत पक्ष रहा है, लेकिन उनकी गेंदबाजी में आया शानदार सुधार भी चयनकर्ताओं का ध्यान खींच रहा है।
चयन समिति के अध्यक्ष प्रज्ञान ओझा और उनके साथी शेडगे के इस प्रदर्शन से काफी प्रभावित हैं।
जगह
हार्दिक लगातार हो रहे हैं चोटिल
हार्दिक के लगातार चोटिल होने के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर रहने के बीच भारतीय टीम प्रबंधन उनके विकल्प तलाश रहा है।
रेड्डी इस मामले में अगला बेहतर विकल्प हैं, लेकिन उनका करियर भी चोटों से प्रभावित रहा है।
इसके बावजूद टेस्ट मैचों के लिए वह टीम के पास एकमात्र विकल्प हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 5वां वनडे 15 नवंबर को खेला जाएगा, जबकि पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में होगा।
देरी
वनडे सीरीज के चयम में इस कारण हो रही देरी
वनडे टीम की घोषणा में देरी कर रही चयन समिति 50 ओवरों की सीरीज के लिए बड़े दल का चयन कर सकती है।
इससे टेस्ट टीम में शामिल खिलाड़ियों को लाल गेंद के प्रारूप की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
ऐसे में शेडगे विकल्प बनकर उभरे हैं। उनकी बल्लेबाजी और तेज गेंदबाजी का कौशल टीम के लिए उपयोगी साबित होगा।
भारतीय क्रिकेट में इस तरह के ऑलराउंडर कम होने के कारण शेडगे की दावेदारी मजबूत है।