हार्दिक पांड्या के विकल्प को लेकर सुनील गावस्कर की सलाह, बोले- अलग भूमिका वाले खिलाड़ी चुनें
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या लंबे समय से चोट से जूझ रहे हैं। वह न्यूजीलैंड दौरे के लिए भी नहीं चुने गए हैं। इस बीच पूर्व दिग्गज सुनील गावस्कर का मानना है कि भारत को अब ऐसे खिलाड़ी की तलाश बंद कर देनी चाहिए जो खेल के दौरान हार्दिक पांड्या जैसा काम कर सके। उन्होंने सुझाव दिया कि भारतीय टीम को अपनी रणनीति में बदलाव करना चाहिए। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
हार्दिक की जगह कोई और नहीं ले सकता- गावस्कर
भारतीय टीम और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुई।
सीरीज के 5वें टी-20 के बाद गावस्कर ने जियोस्टार पर कहा, "कभी-कभी हम हार्दिक पांड्या का विकल्प खोजने के चक्कर में कुछ ज्यादा ही आगे निकल जाते हैं। उनकी जगह कोई और नहीं ले सकता। अगर आपको उनके स्तर का कोई खिलाड़ी नहीं मिल रहा है, तो ऐसे खिलाड़ी को चुनें जो थोड़ा अलग तरह का काम कर सके।"
बयान
गावस्कर ने नमन धीर का दिया उदाहरण
गावस्कर ने नमन धीर का उदाहरण देते हुए उन्हें उपयोगी खिलाड़ी बताया।
उन्होंने इस बारे में कहा, "नमन यही काम कर रहे हैं। वह अपने ओवर अच्छी तरह से डाल रहे हैं, और इस मैच में उनकी बल्लेबाजी को ही देख लीजिए।"
उन्होंने आगे स्पष्ट किया, "जैसे ही आप आठवें नंबर तक बल्लेबाजी लेकर जाते हैं, आपकी गेंदबाजी कमजोर हो जाती है, और यहीं पर आप मात खा जाते हैं।"
जानकारी
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में नमन ने किया प्रभावित
भारतीय ऑलराउंडर नमन ने बेंगलुरु में हुए मैच में सिर्फ 6 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए थे। ये मैच बारिश के कारण पूरा नहीं खेला जा सका था। उन्होंने लखनऊ में खेले गए मैच में 3 विकेट और इंदौर में 2 विकेट लिए थे।
पांड्या
IPL 2026 से नहीं खेले हैं पांड्या
पांड्या पिछले कई महीनों से लगातार चोटों और फिटनेस समस्याओं के कारण मैदान से दूर हैं।
उन्होंने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच 24 मई को IPL 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेला था।
वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले भी वह मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बाहर हो गए थे।
इसी चोट के कारण वह अफगानिस्तान सीरीज, आयरलैंड और इंग्लैंड के अहम दौरे से बाहर रह चुके हैं।