सुनील गावस्कर ने गंभीर की रणनीति में निकाली खामी, कहा- यहीं से शुरू होती है हार
क्या है खबर?
भारत के महान पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के मौजूदा टीम व्यवस्था और रणनीतियों पर कड़ा प्रहार किया है। गावस्कर ने साफ तौर पर कहा है कि बल्लेबाजों की लंबी कतार रखने की गंभीर की जिद टीम के संतुलन को बिगाड़ रही है और इसके कारण भारतीय टीम उन मैचों को भी गंवा रही है जो उसे आसानी से जीतने चाहिए। आइए जानते हैं गावस्कार ने क्या कुछ कहा है।
बयान
गावस्कर ने क्या दिया बयान?
गावस्कर ने जियोस्टार पर बात करते हुए कहा, "हमें वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज से जो सीख मिली है, वह यह है कि टीम को अपनी गेंदबाजी में कम से कम 4 नियमित गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरना ही होगा। 5वां गेंदबाज आपका ऑलराउंडर हो सकता है, जो बल्लेबाजी भी कर सके। नमन धीर मुख्य रूप से बल्लेबाज हैं, लेकिन 2-3 ओवर फेंक सकते हैं। अक्षर पटेल, जो अपने कोटे के 4 ओवर डाल सकते हैं।"
तंज
गावस्कर ने गंभीर की रणनीति पर कसा तंज
गावस्कर ने कहा, "हम हार्दिक पांड्या का विकल्प खोजने के चक्कर में कुछ ज्यादा बहक जाते हैं। हार्दिक का कोई विकल्प नहीं है। आप उनकी क्षमता का खिलाड़ी नहीं ढूंढ पा रहे हैं, तो ऐसे खिलाड़ी के साथ जाएं जो थोड़ा अलग करे। नमन वह काम कर रहे हैं। वह गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी भी अच्छी कर रहे हैं। आप नंबर 8 तक बल्लेबाजी के साथ जाकर अपनी गेंदबाजी को कमजोर करते हैं और यहीं पर आप हार जाते हैं।"
सीरीज
भारत बनाम वेस्टइंडीज टी-20 सीरीज का नतीजा
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई है, क्योंकि बेंगलुरु में खेला गया 5वां और निर्णायक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया और उसे रद्द करना पड़ा।
सीरीज के चौथे मैच में वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रनों से मात दी थी, जहां भारत ने 223 रन लुटा दिए थे।
इसी खराब गेंदबाजी के प्रदर्शन के बाद से गंभीर की लंबी बल्लेबाजी लाइन-अप वाली जिद की तीखी आलोचना हो रही है।