Page Loader
IPL के एक सीजन में चार शतक जड़ चुके हैं विराट कोहली, जानिए उनके शानदार रिकार्ड्स

IPL के एक सीजन में चार शतक जड़ चुके हैं विराट कोहली, जानिए उनके शानदार रिकार्ड्स

Mar 16, 2021
08:30 am

क्या है खबर?

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के कप्तान विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में निरंतर रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह IPL 2021 में भी अपनी निरंतरता को बरकरार रखना चाहेंगे। कोहली ने IPL के एक सीजन में चार शतक जड़े थे और ऐसा करने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। इसके अलावा भी उन्होंने अब तक कई उपलब्धियां हासिल की हैं। IPL में कोहली के शानदार रिकार्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

IPL करियर

सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं कोहली

कोहली ने अब तक खेले 192 मैचों की 184 पारियों में 38.16 की औसत के साथ 5,878 रन बनाए हैं। वह इस सीजन में IPL इतिहास में 6,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। फिलहाल कोहली लीग में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। सुरेश रैना (5,368) लीग में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं, जो कि कोहली से काफी पीछे हैं।

उपलब्धि

एक सीजन में बनाए हैं 900 से अधिक रन

विराट कोहली ने IPL 2016 में अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए 973 रन बनाए थे। ये रन कोहली ने 16 मैचों में 81 की जबरदस्त औसत से अपने नाम किए थे। उनके अलावा किसी बल्लेबाज ने भी IPL के एक सीजन में 900 रन के आंकड़े को पार नहीं किया है। कोहली के सबसे करीब डेविड वॉर्नर रहे हैं, जिन्होंने IPL 2016 में ही 848 रन अपने नाम किए थे।

IPL 2016

एक सीजन में लगाए थे रिकॉर्ड चार शतक

उसी सीजन के दौरान कोहली एक सीजन में चार IPL शतक दर्ज करने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने IPL 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ दो जबकि राइसिंग पुणे सुपरजायंट्स और किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ एक-एक शतक लगाया था। ​दिलचस्प बात यह है कि केवल क्रिस गेल (2011), हाशिम अमला (2017), शेन वॉटसन (2018) और शिखर धवन (2020) ने एक सीजन में दो शतक लगाए हैं।

जानकारी

फ़िलहाल 5,500 रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं कोहली

कोहली ने अब तक खेले 192 मैचों पांच शतक और 39 अर्धशतक की मदद से 5,878 रन बनाए हैं। वह लीग में 5,500 रनों के आंकड़े को छूने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं।

RCB

एक फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा खेलने वाले खिलाड़ी हैं कोहली

अब तक कोहली एकमात्र ऐसे खिलाड़ी बने हुए हैं, जिन्होंने सभी 13 सीजन में सिर्फ एक टीम का प्रतिनिधित्व किया है। ​कोई भी अन्य खिलाड़ी IPL में किसी एक फ्रेंचाइजी के साथ इतने लंबे समय तक नहीं जुड़ा है। ​उन्हें RCB ने IPL के शुरुआती सीजन (2008) में अपने साथ शामिल किया था। ​वह RCB की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। हालांकि, अब तक उनकी टीम खिताब नहीं जीत सकी है।