Page Loader
कप्तान के तौर पर कैसा रहा है स्टीव स्मिथ का प्रदर्शन, जानिए आंकड़े 
स्टीव स्मिथ तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान होंगे (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

कप्तान के तौर पर कैसा रहा है स्टीव स्मिथ का प्रदर्शन, जानिए आंकड़े 

Feb 24, 2023
04:43 pm

क्या है खबर?

भारत और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट इंदौर में खेला जाना है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान पैट कमिंस पारिवारिक समस्या के चलते इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह स्टीव स्मिथ टीम के कप्तान होंगे। स्मिथ पहले भी टीम की कमान संभाल चुके हैं। सैंड पेपर विवाद के बाद उनकी कप्तानी चली गई थी। आइए उनकी कप्तानी के आंकड़ो पर नजर डालते हैं।

सैंडपेपर विवाद

क्या था सैंड पेपर विवाद जिसके कारण गई थी स्मिथ की कप्तानी 

साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया की टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई थी। केपटाउन में तीसरे टेस्ट के दौरान कैमरन बेनक्रॉफ्ट गेंद के साथ कुछ करते नजर आए। बाद में पता चला कि उनके हाथों में सैंड पेपर था और वह गेंद को घिस रहे थे। इसके बाद तत्कालीन कप्तान स्मिथ और डेविड वार्नर पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 12-12 महीनों का प्रतिबंध लगाया था। बैनक्रॉफ्ट पर 6 महीने का प्रतिबंध लगा था और स्मिथ की कप्तानी चली गई थी।

कप्तान

कप्तान के तौर पर स्मिथ के आंकड़े 

स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए 36 मैच में कप्तानी की है। इनमें से टीम को 20 में जीत और 10 में हार का सामना करना पड़ा है। 6 मैच ड्रॉ रहे हैं। भारत के खिलाफ स्मिथ ने 8 मैचों में कप्तानी की है। इनमें से 3 में जीत और 2 में हार मिली है। 3 मैच ड्रॉ रहे हैं। 2017 में जब आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया भारत के दौरे पर आई थी। तब स्मिथ ही के कप्तान थे।

बल्लेबाजी

कप्तान के तौर पर स्मिथ के बल्लेबाजी रिकॉर्ड कैसे हैं?

स्मिथ ने 36 मैचों में कप्तानी करते हुए 67.73 की शानदार औसत से 3,793 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 15 शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 239 रन रहा है। उन्होंने इस दौरान 407 चौके और 16 छक्के लगाए हैं। उन्होंने 6,744 गेंदों का सामना किया है। स्मिथ 2 बार खाता खोले बिना भी पवेलियन लौटे हैं। टीम का कप्तान न रहते हुए उन्होंने 58 टेस्ट में 55.33 की औसत से 4,925 रन बनाए हैं।

क्रिकेट

भारत के खिलाफ स्मिथ का प्रदर्शन कैसा रहा है?

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ स्मिथ ने 2013 से 2023 तक 16 टेस्ट में और 67.14 की औसत से 1,813 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 8 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। 7 शतक स्मिथ ने कप्तान रहते हुए लगाए थे। उन्होंने भारत के खिलाफ 5 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका स्ट्राइक रेट 54.24 का रहा है। वह 195 चौके और 10 छक्के लगा चुके हैं। वह 5 बार नॉटआउट भी रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 192 रन है।

टेस्ट

स्मिथ का टेस्ट करियर कैसा रहा है? 

स्मिथ टेस्ट में निरंतर रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने एक दशक से ज्यादा लम्बे टेस्ट करियर में उन्होंने 94 टेस्ट मैचों में 60.12 की औसत से 8,718 रन बना लिए हैं। इस बीच वह 30 शतक और 37 अर्धशतक लगा चुके हैं। स्मिथ मौजूदा दौरे में अब तक कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं। उन्होंने पहले नागपुर में 37 और 25* के स्कोर किए थे। इसके बाद दूसरे टेस्ट में उनके स्कोर 0 और 9 रहे थे।