Page Loader
चरिथ असलंका ने वनडे विश्व कप में लगाया अपना पहला शतक, जानिए आंकड़े 
चरिथ असलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ कमाल की पारी खेली है (तस्वीर: एक्स/ @OfficialSLC)

चरिथ असलंका ने वनडे विश्व कप में लगाया अपना पहला शतक, जानिए आंकड़े 

Nov 06, 2023
05:39 pm

क्या है खबर?

विश्व कप 2023 के 38वें मुकाबले में श्रीलंका क्रिकेट टीम के बल्लेबाज चरिथ असलंका ने कमाल की पारी खेली है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपना दूसरा शतक लगाया। वनडे विश्व कप में असलंका का यह पहला शतक है। उन्होंने 101 गेंद का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। एक तरफ श्रीलंका के नियमीत अंतराल पर विकेट गिर रहे थे तो दूसरी तरफ असलंका ने एक छोर संभाले रखा। आइए उनकी पारी पर नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही असलंका की पारी और साझेदारी 

श्रीलंका के 3 विकेट 72 रन पर गिर गए थे। असलंका ने यहां से पारी को संभाला और धनंजय डी सिल्वा के साथ 82 गेंद में 78 रन की साझेदारी निभाई। धनंजय 42 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 105 गेंद का सामना किया और 108 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 5 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 102.86 की रही। महेश तीक्षणा के साथ उन्होंने 48 गेंद में 45 रन जोड़े।

रन

वनडे क्रिकेट में पूरे किए 1,500 रन 

असलंका ने अपनी इस पारी के दौरान वनडे क्रिकेट में 1,500 रन भी पूरे कर लिए। वह श्रीलंका की ओर से ये आंकड़ा छूने वाले 31वें बल्लेबाज बने हैं। श्रीलंका के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन कुमार संगाकारा ने बनाए हैं। उनके बल्ले से 397 मैचों की 374 पारियों में 13,975 रन निकले हैं। दूसरे स्थान पर सनथ जयसूर्या हैं। उन्होंने 441 मैच में 13,364 रन बनाए हैं।

विश्व कप

विश्व कप 2023 में खेली दूसरी शानदार पारी 

असलंका ने इस विश्व कप में दूसरा 50+ का स्कोर बनाया है। इससे पहले उन्होंने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 65 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 79 रन बनाए थे। हालांकि, उनकी ये शानदार पारी टीम को जीत नहीं दिला पाई थी। असलंका श्रीलंका के मध्यक्रम में अहम योगदान निभाते आए हैं। असलंका ने विश्व कप 2023 में 8 मैच खेले हैं और 40.00 की औसत से 280 रन बनाए हैं।

करियर

कैसा रहा है असलंका का वनडे करियर?

असलंका ने वनडे क्रिकेट में अपना पहला मैच साल 2021 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 49 वनडे मैच खेले हैं। इसकी 43 पारियों में इस खिलाड़ी ने 6 बार नाबाद रहते हुए 41.05 की शानदार औसत के साथ 1,519 रन बनाए हैं। इस दौरान असलंका की स्ट्राइक रेट 87.65 की रही है। उन्होंने अब तक अपनी टीम के लिए 2 शतक के साथ 10 अर्धशतक भी लगाए हैं।