Page Loader
श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड: निशान पेइरिस ने डेब्यू टेस्ट में लिया 5 विकेट हॉल, जानिए उनके आंकड़े 
निशान पेइरिस ने पहले टेस्ट में ही 5 विकेट ले लिए (तस्वीर: एक्स/@OfficialSLC)

श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड: निशान पेइरिस ने डेब्यू टेस्ट में लिया 5 विकेट हॉल, जानिए उनके आंकड़े 

Sep 29, 2024
11:59 am

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले गए दूसरे टेस्ट में निशान पेइरिस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कीवी टीम की दूसरी पारी में 6 विकेट झटके। उन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में ही 5 विकेट हॉल लिया। मुकाबले में न्यूजीलैंड को पारी और 154 रनों से हार मिली। पहली पारी में भी पेइरिस ने अच्छी गेंदबाजी की थी और 3 विकेट झटके थे। ऐसे में आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

गेंदबाजी

कैसी रही पेइरिस की गेंदबाजी? 

पेइरिस ने दूसरी पारी में टॉम लैथम (0), केन विलियमसन (46), रचिन रविंद्र (12), टॉम ब्लंडेल (60), ग्लेन फिलिप्स (78) और मिचेल सेंटनर (67) को अपना शिकार बनाया। पेइरिस ने दूसरी पारी में 33.4 ओवर गेंदबाजी की और 4 मेडन ओवर के साथ 170 रन खर्च किए। पहली पारी में उन्होंने 17.5 ओवर गेंदबाजी की थी और 3 मेडन ओवर के साथ 33 रन देकर 3 विकेट लिए थे। कीवी टीम की पहली पारी 88 रन पर समाप्त हुई थी।

आंकड़े

घरेलू क्रिकेट में कमाल के आंकड़े 

27 साल के पेइरिस ने अपना पहला प्रथम श्रेणी मुकाबला साल 2016 में खेला था। वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं। उन्होंने 41 मुकाबले खेले हैं। इसकी 72 पारियों में 24.37 की औसत से 172 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उन्होंने 7 बार 4 विकेट हॉल और 12 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8/94 का रहा है। उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 1 बार 10 विकेट भी लिया है।

जगह

विश्वा फर्नांडो के चोटिल होने के कारण मिला मौका 

पेइरिस को विश्वा फर्नांडो की जगह दूसरे टेस्ट में चुना गया था। फर्नांडो चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए थे। दूसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में उन्हें रमेश मेंडिस की जगह चुना गया। लिस्ट-A क्रिकेट में पेइरिस ने 61 मैच खेले हैं और 22.52 की औसत से 86 विकेट झटके हैं। उन्होंने 4 बार 4 विकेट हॉल लिया है और 2 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/16 का रहा है।

जीत

ऐसे मिली श्रीलंका को जीत 

श्रीलंका ने अपनी पहली पारी दिनेश चांदीमल (116), कामिंदु मेंडिस (182*) और कुसल मेंडिस (106) के शतकों की मदद से 602/5 के स्कोर पर घोषित की थी। पहाड़ जैसे बड़े स्कोर का पीछा करते हुए मेहमान टीम सिर्फ 88 रन पर सिमट गई। श्रीलंका से प्रभात जयसूर्या ने उम्दा गेंदबाजी (6/42) करते हुए विपक्षी टीम को समेट दिया। इसके बाद फॉलऑन खेलते हुए न्यूजीलैंड की दूसरी पारी मैच के चौथे दिन के दौरान 360 रन पर सिमट गई।