टी-20 सीरीज: भारत के इन खिलाड़ियों से श्रीलंका को बचकर रहना होगा, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज 27 जुलाई से होने वाला है। सीरीज में भारतीय टीम पूरी तरह से बदली हुई नजर आएगी।
टीम के नए कप्तान सूर्यकुमार यादव होंगे और कोच की भूमिका में गौतम गंभीर नजर आएंगे।
सूर्यकुमार ने रोहित शर्मा की जगह ली है तो वहीं, गंभीर राहुल द्रविड़ की जगह आए हैं।
इस बीच उन भारतीय खिलाड़ियों के आंकड़े जानते हैं, जिनसे श्रीलंका को परेशानी हो सकती है।
#1
सूर्यकुमार यादव
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार इस समय दुनिया के सबसे खतरनाक टी-20 बल्लेबाजों में से एक माने जाते हैं। टी-20 रैंकिंग में यह खिलाड़ी दूसरे पायदान पर है।
श्रीलंका के खिलाफ इस खिलाड़ी का बल्ला आग उगलता है। 5 टी-20 मैचों की 5 पारियों में उन्होंने 63.50 की औसत और 158.73 की स्ट्राइक रेट से 254 रन बनाए हैं।
श्रीलंका के खिलाफ उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 112* रन रहा है।
#2
हार्दिक पांड्या
भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों से श्रीलंका की टीम को परेशान कर सकते हैं।
हाल ही में खत्म हुए टी-20 विश्व कप में यह खिलाड़ी जबरदस्त फॉर्म में भी था।
श्रीलंका के खिलाफ हार्दिक ने 12 मैच में 22.36 की शानदार औसत और 6.77 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट झटके हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/29 का रहा है। बल्लेबाजी में इस खिलाड़ी ने 117 रन बनाए हैं।
#3
रिंकू सिंह
भारतीय टीम की युवा सनसनी रिंकू सिंह अकेले अपने दम पर किसी भी मैच का पासा पलट सकते हैं। इस समय टी-20 क्रिकेट में यह खिलाड़ी भारत का सबसे शानदार फिनिशर है।
उन्होंने अब तक 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इसकी 15 पारियों में 83.20 की उम्दा औसत के साथ 416 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 176.27 की रही है।
उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69* रन रहा है।
#4
अक्षर पटेल
भारतीय टीम का एक और जबरदस्त ऑलराउंडर अक्षर पटेल श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर सकता है।
टी-20 विश्व कप में यह खिलाड़ी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में अपना जलवा दिखा चुका है।
श्रीलंका के खिलाफ अक्षर ने 4 टी-20 मैच खेले हैं और 117 की औसत से 117 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 195 की रही है।
गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 4 मैच में 3 विकेट भी झटके हैं।