श्रीलंका का दूसरे टेस्ट से पहले बड़ा कदम, इन 2 खिलाड़ियों को दिया मौका
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच से पहले श्रीलंका क्रिकेट टीम ने 2 अहम बदलाव किए हैं। गॉल टेस्ट में मिली 165 रनों की करारी हार के बाद मेजबान टीम ने स्पिन ऑलराउंडर सहान अराचिगे और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज कामिल मिशारा को टीम में शामिल किया है। यह मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। बता दें कि भारतीय टीम वर्तमान में सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है।
छुट्टी
इन खिलाड़ियों को किया टीम से बाहर
टीम प्रबंधन ने ऑफ स्पिनर ऑलराउंडर रमेश मेंडिस को टीम से बाहर कर दिया है।
उनकी जगह आए सहान अराचिगे ने हाल ही में इंडिया-A के खिलाफ श्रीलंका-A टीम की कप्तानी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था, जहां वे साई सुदर्शन (332 रन) के बाद 209 रन बनाकर सीरीज के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे।
अराचिगे ने श्रीलंका के लिए 5 वनडे और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेला है। उन्हें पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है।
बल्लेबाजी
मिशारा को निशान फर्नांडो की जगह मिला मौका
पहले टेस्ट में पूरी तरह फ्लॉप रहे निशान फर्नांडो को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
शीर्ष क्रम को मजबूती देने के लिए युवा बल्लेबाज मिशारा को टीम के साथ जोड़ा गया है।
इसी तरह पहले टेस्ट मैच के दौरान चोटिल (कन्कशन) होकर अस्पताल पहुंचने वाले अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल दूसरे टेस्ट से भी बाहर रहेंगे।
उनके विकल्प के तौर पर आए पासिंदु सूरियाबंदारा को इस 14 सदस्यीय टीम में बरकरार रखा गया है।
टीम
दूसरे टेस्ट के लिए श्रीलंका की संशोधित टीम
श्रीलंकाई टीम के लिए कोलंबो में खेला जाने वाला दूसरा और अंतिम टेस्ट करो या मरो वाला रहने वाला है। इसका कारण है कि हार या ड्रॉ की स्थिति में भारतीय टीम इस टेस्ट सीरीज पर कब्जा जमा लेगी।
श्रीलंका की संशोधित टीम: धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), कामिंदु मेंडिस (उपकप्तान), लाहिरू उदारा, कामिल मिशारा, पासिंदु सूरियाबंदारा, सहान अराचिगे, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला, केशरा नुवांता, प्रभात जयसूर्या, मिलान रत्नायाके, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, विश्व फर्नांडो।