
श्रीलंकाई क्रिकेटर दनुष्का गुणाथिलाका ऑस्ट्रेलिया में रेप के आरोप में गिरफ्तार
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया में आयोजित हो रहे टी-20 विश्व कप से श्रीलंका के लिए बुरी खबर है।
श्रीलंकाई क्रिकेटर दानुष्का गुणाथिलाका को रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें शनिवार को स्थानीय पुलिस ने सिडनी के एक होटल से गिरफ्तार किया।
स्थानीय मीडिया से आ रही जानकारी के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने खिलाड़ी पर बिना सहमति के यौन संबंध बनाने के चार आरोप लगाए हैं।
आइये जानते हैं क्या है पूरा मामला।
जानकारी
श्रीलंका के विश्व कप दल का हिस्सा थे गुनाथिलाका
गुणाथिलाका पर एक 29 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
शिकायत के बाद पुलिस होटल पहुंची और वहीं से इस खिलाड़ी को गिरफ्तार किया।
इस बारे में श्रीलंकाई टीम प्रबंधन की ओर से कोई बयान नहीं आया है।
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज श्रीलंका टी-20 विश्व कप टीम के सदस्य थे, लेकिन वे चोटिल होने के कारण नहीं खेल पाए।
उनकी जगह अशेन बंडारा को टीम में शामिल किया गया था।
बयान
ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी दोनों की मुलाकात
31 वर्षीय खिलाड़ी की गिरफ्तारी को लेकर न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक बयान जारी किया है।
पुलिस ने बताया, "एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से कई दिनों तक उसके साथ संवाद करने के बाद महिला ने पुरुष से मुलाकात की।"
पुलिस के अनुसार, "महिला द्वारा यह आरोप लगाया गया है कि गुणाथिलाका ने 2 नवंबर, 2022 की शाम को उसका यौन उत्पीड़न किया। मामले की जांच चल रही है। शनिवार को अपराध स्थल की जांच की है।"
शिकंजा
कोर्ट ने जमानत देने से किया इनकार
पुलिस ने अपने बयान में आगे कहा, "इस मामले में खिलाड़ी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे सिडनी सिटी पुलिस स्टेशन ले जाया गया। उन्हें सहमति के बिना रेप के चार मामलों में आरोपित किया गया है। श्रीलंकाई नागरिक को ऑडियो विजुअल लिंक (AVL) के माध्यम से कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस प्रकरण में जमानत देने से इनकार कर दिया।"
आंकड़े
श्रीलंका के लिए 46 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं गुनाथिलका
गुणाथिलाका को हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टीम से बाहर किया गया था।
2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाला यह बल्लेबाज श्रीलंका के लिए आठ टेस्ट मैच, 47 वनडे और 46 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुका है।
तीन हफ्ते पहले चोटिल होने के बावजूद उन्हें दल के साथ ऑस्ट्रेलिया में ही रखा गया था।
दूसरी तरफ श्रीलंका क्रिकेट टीम शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट से हार के बाद रविवार को घर के लिए रवाना हो गई।