आखिरी टी-20 में ऑस्ट्रेलिया को हराकर श्रीलंका ने टाला क्लीन स्वीप, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
मेलबर्न में खेले गए आखिरी टी-20 में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने पांच मैचों की सीरीज में खुद को क्लीन स्वीप होने से बचा लिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने मैथ्यू वेड (43*) की बदौलत 154/6 का स्कोर खड़ा किया था।
जवाब में श्रीलंका ने कुशल मेंडिस (69*) की बदौलत जीत लिया।
आइए जानते हैं कैसा रहा मुकाबला और क्या बने इसमें रिकॉर्ड्स।
लेखा-जोखा
इस तरह श्रीलंका को मिली जीत
ऑस्ट्रेलिया ने 13वें ओवर तक 82 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे। वेड ने 27 गेंदों में 43* रन बनाते हुए ऑस्ट्रेलिया को 150 के पार पहुंचाया था। श्रीलंका के लिए लहिरु कुमारा और दुश्मंता चमीरा ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने भी 71 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन मेंडिस (69*) और दसुन शनाका (35) ने 83 रनों की साझेदारी करके अपनी टीम को जीत दिलाई।
हेड-टू-हेड
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार नौ हार के बाद श्रीलंका को मिली जीत
दोनों टीमें कुल 22 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आपस में भिड़ी हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 13 में जीत हासिल की है। वहीं नौं मुकाबलों में श्रीलंका जीत दर्ज करने में सफल हुई है।
लगातार नौ मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार झेलने के बाद श्रीलंका को पहली जीत नसीब हुई है। ऑस्ट्रेलिया ने लगातार दूसरी बार अपने घर में श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में जीत हासिल की है।
मेंडिस और शनाका
मेंडिस और शनाका ने हासिल की ये उपलब्धियां
मेंडिस (69*) ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 600 रनों के आंकड़े को छू लिया है। वह ऐसा करने वाले 11वें श्रीलंकाई बल्लेबाज बने हैं। मेंडिस ने रनों के मामले में सनथ जयसूर्या (629) को पीछे छोड़ दिया है।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में मेंडिस ने छठा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला अर्धशतक लगाया है। दसुन शनाका ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 800 रन पूरे कर लिए हैं। वह ऐसा करने वाले आठवें श्रीलंकाई बल्लेबाज बने हैं।
ग्लेन मैक्सवेल
महमुदुल्लाह और केविन ओ ब्रायन से आगे निकले मैक्सवेल
ग्लेन मैक्सवेल ने 21 गेंदों में 29 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। मैक्सवेल ने श्रीलंका के खिलाफ 60.57 की औसत के साथ 424 रन बना लिए हैं।
वह श्रीलंका के खिलाफ डेविड वॉर्नर (512) के बाद 400 रन पूरे करने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय रनों के मामले में मैक्सवेल ने महमुदुल्लाह (1,971) और केविन ओ ब्रायन (1,973) को पीछे छोड़ा है।