Page Loader
सनराइजर्स हैदराबाद ने फिर बनाया IPL इतिहास का सर्वोच्च टीम स्कोर, ट्रेविस हेड ने लगाया शतक
SRH ने बनाया सर्वोच्च टीम स्कोर (तस्वीर: एक्स/@IPL)

सनराइजर्स हैदराबाद ने फिर बनाया IPL इतिहास का सर्वोच्च टीम स्कोर, ट्रेविस हेड ने लगाया शतक

Apr 15, 2024
09:18 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 30वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 287/3 का स्कोर बनाया। यह IPL इतिहास का सर्वोच्च स्कोर बन गया है। SRH ने अपने ही पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया है, जिसने इसी सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 277/3 का स्कोर बनाया था। आइए उनकी पारी और रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

हेड

हेड ने लगाया 39 गेंदों में शतक 

ट्रेविस हेड ने पारी के दूसरे ओवर में गेंदबाजी करने आए रीस टोपली की खबर ली। उन्होंने उस ओवर में लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाया। जोरदार लय में नजर आ रहे हेड ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और महज 20 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 39 गेंदों पर ही अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 41 गेंदों पर 102 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 8 छक्के लगाए।

क्लासेन

क्लासेन ने खेली अर्धशतकीय पारी 

नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए क्लासेन ने अपने IPL करियर का 5वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने भी आक्रामक शैली में बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। वह 31 गेंदों पर 67 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 2 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए हेड के साथ मिलकर 57 रन और एडेन मार्करम के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन की उपयोगी साझेदारी की।

जानकारी

SRH ने दूसरी बार बनाया 250+ स्कोर

SRH पहली ऐसी टीम बनी है, जिसने IPL में 2 मौकों पर 250 से अधिक रन के स्कोर किए हैं। SRH के अलावा RCB, लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीमें 1-1 बार 250+ बना चुकी हैं।

गेंदबाज 

RCB के गेंदबाजों ने बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड 

टॉपले ने अपने 4 ओवर में 68 रन लुटाते हुए 1 विकेट हासिल किया। यश दयाल ने अपने 4 ओवर में बिना विकेट लिए 51 रन दिए। लॉकी फर्ग्यूसन ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए। उन्होंने 13.00 की इकॉनमी रेट से 52 रन लुटाए। विजयकुमार वैश्य भी महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 64 रन खर्च किए। RCB पहली ऐसी टीम बनी है, जिसके 4 गेंदबाजों ने एक मैच में 50 से अधिक रन दिए हैं।

छक्के

एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली टीम बनी SRH 

आज के मुकाबले में SRH के बल्लेबाजों ने मिलकर कुल 22 छक्के लगाए। यह IPL की किसी एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड बन गया। SRH ने RCB का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिसने 2013 में पुणे वारियर्स इंडिया के खिलाफ 21 छक्के लगाए थे। ये रिकॉर्ड एक दशक बाद टूटा है। SRH की पारी के दौरान ही इस सीजन में सभी टीमों द्वारा लगाए 500 छक्के भी पूरे हो गए।