Page Loader
बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम घोषित, IPL कॉन्ट्रेक्टेट प्लेयर बाहर
31 मार्च से शुरू होगी टेस्ट सीरीज (तस्वीर- Twitter/@ICC)

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम घोषित, IPL कॉन्ट्रेक्टेट प्लेयर बाहर

Mar 18, 2022
12:17 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका ने अपनी टीम का ऐलान किया है। डीन एल्गर की कप्तानी वाली टीम में खाया जोंडो को पहली बार मौका मिला है। इस टेस्ट सीरीज के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में हिस्सा लेने वाले प्रोटियाज खिलाड़ियों को नहीं चुना गया है। बता दें 31 मार्च से टेस्ट सीरीज की शुरुआत होनी है। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

करियर

ऐसा है जोंडो का फर्स्ट क्लास करियर

टेस्ट टीम में पहली बार चुने गए दाएं हाथ के बल्लेबाज जोंडो दक्षिण अफ्रीका से छह वनडे खेल चुके हैं, जिसमें 29.20 की औसत से 146 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है। इसके अलावा जोंडो ने 132 फर्स्ट क्लास मैचों में 31.78 की औसत से 6,230 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 13 शतक और 30 अर्धशतक लगाए हैं। 32 वर्षीय जोंडो ने आखिरी फर्स्ट क्लास मैच बोलैंड के खिलाफ मार्च 2022 में खेला था।

IPL 2022

IPL कॉन्ट्रेक्टेट प्लेयर टीम से बाहर

IPL 2022 की शुरुआत 26 मार्च से होनी है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका से कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, एडेन मार्कराम, रस्सी वैन डेर डूसेन और मार्को जानसेन हिस्सा लेंगे। इन खिलाड़ियों को टेस्ट सीरीज में नहीं चुना गया है। वह पूरी लीग में उपलब्ध रह सकेंगे। तेज गेंदबाज एनरिक नोर्खिया भी अब तक चोट से नहीं उबर सके हैं और टीम से बाहर हैं। उनके IPL में खेलने को लेकर अब तक स्पष्टता नहीं है।

बयान

IPL के चलते टीम का नुकसान सही नहीं है- विक्टर म्पित्सांग

दक्षिण अफ्रीका टीम के चयनकर्ता विक्टर म्पित्सांग ने टेस्ट टीम को लेकर कहा, "IPL खेलने के चलते जो टीम का नुकसान हुआ है, वह सही नहीं है लेकिन हम उन खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं, जिन्हें हमने चुना है। टीम के प्रत्येक सदस्य का चयन उसकी प्रतिभा और हालिया प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। टीम में चुने गए खिलाड़ियों के लिए यह बेहतर अवसर है।"

टीम

ऐसी है दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम

टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 31 मार्च से और दूसरा मैच 08 अप्रैल से खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम: डीन एल्गर (कप्तान), टेम्बा बावुमा, डेरिन डुपाविलॉन, सरेल इरवी, साइमन हार्मर, केशव महाराज, वियान मुल्डर, डुआने ओलिवियर, कीगन पीटरसन, रेयान रिकेल्टन, लूथो सिपमला, ग्लेनटन स्टुउरमैन, काइल वेरेने, लिजाड विलियम्स और खाया जोंडो।