Page Loader
तीसरा वनडे: डिकॉक के शतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने भारत को दिया 288 का लक्ष्य
तस्वीर- Twitter/@cricbuzz

तीसरा वनडे: डिकॉक के शतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने भारत को दिया 288 का लक्ष्य

लेखन Neeraj Pandey
Jan 23, 2022
06:05 pm

क्या है खबर?

केपटाउन में खेले जा रहे आखिरी वनडे में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 287 रनों का स्कोर बनाया है। भारत को क्लीन स्वीप बचाने के लिए 288 रन बनाने की जरूरत होगी। दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक (124) ने सबसे अधिक रन बनाए। भारत के प्रसिद्ध कृष्णा ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और दीपक चाहर ने भी दो-दो विकेट हासिल किए। आइए जानते हैं कैसी रही दक्षिण अफ्रीकी पारी।

पावरप्ले

पावरप्ले में दक्षिण अफ्रीका को लगे थे दो झटके

वर्तमान सीरीज में शुरुआत में विकेट ले पाने में असमर्थ रही भारतीय गेंदबाजी में आज बदलाव हुआ और टीम ने विकेट भी निकाले। चाहर ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर भारत को पहला विकेट दिलाया था। सातवें ओवर में कप्तान टेंबा बवुमा भी रन आउट हो गए थे। 13वें ओवर तक दक्षिण अफ्रीका ने 70 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। पावरप्ले में दक्षिण अफ्रीका ने 53 रन बनाए थे।

साझेदारी

डिकॉक और वान डर डूसेन के बीच हुई 144 रनों की साझेदारी

70 के स्कोर पर तीन विकेट गिरने के बाद डिकॉक ने रासी वान डर डूसेन के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 144 रनों की बेहद अहम साझेदारी की। इस साझेदारी के दौरान डिकॉक ने अपना 17वां वनडे शतक पूरा किया तो वहीं दूसरी ओर वान डर डूसेन ने भी अर्धशतक लगाया। डूसेन 59 गेंदों में 52 रनों की पारी खेलने के बाद आउट हुए।

क्विंटन डिकॉक

शतक लगाकर डिकॉक ने बनाए ये रिकॉर्डस

130 गेंदों में 124 रन बनाने के बाद डिकॉक कैचआउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और दो छक्के लगाए। वह दूसरे सर्वाधिक वनडे शतक लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। डिकॉक ने एडम गिलक्रिस्ट (16) को पीछे छोड़ा है। इसके अलावा वह कुमार संगाकारा (7) के साथ भारत के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे अधिक शतक लगाने वाले विकेटकीपर भी बने हैं। वनडे में डिकॉक ने भारत के खिलाफ छठा शतक लगाया है।

डेविड मिलर

मिलर ने दक्षिण अफ्रीका को 300 के करीब पहुंचाया

डिकॉक और वान डर डूसेन को 218 के स्कोर तक पवेलियन भेजकर भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की। हालांकि, डेविड मिलर (39) और ड्वेन प्रिटोरियस (20) ने सातवें विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की। मिलर ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की और 38 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली। मिलर ने तीन चौके और एक छक्का लगाकर दक्षिण अफ्रीका को 300 के करीब पहुंचाया।