Page Loader
पहले टी-20 में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को हराया, मैच में बने ये रिकार्ड्स
पहले टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल की

पहले टी-20 में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को हराया, मैच में बने ये रिकार्ड्स

Sep 10, 2021
10:31 pm

क्या है खबर?

कोलंबो में खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 28 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। पहले खेलते हुए प्रोटियाज टीम ने निर्धारित 20 ओवरों के बाद 163/5 का स्कोर बनाया था। दक्षिण अफ्रीका से एडेन मार्करम ने सर्वाधिक 48 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम दिनेश चांदीमल (66*) की जुझारू पारी के बावजूद लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। मैच में बने रिकार्ड्स पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

दक्षिण अफ्रीका ने ऐसे जीता मुकाबला

क्विंटन डिकॉक (36) और रीजा हेंड्रिक्स (38) की सलामी जोड़ी ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 73 रन जोड़े। वहीं मार्करम (48) और डेविड मिलर (26) की बदौलत दक्षिण अफ्रीका अच्छे स्कोर तक पहुंच सकी। श्रीलंका से वानिंदु हसरंगा ने सर्वाधिक (2/23) दो विकेट लिए। जवाब में श्रीलंका से दिनेश चांदीमल ने अर्धशतक लगाकर संघर्ष किया, लेकिन लक्ष्य हासिल नहीं हुआ और 20 ओवर में 135/6 का स्कोर ही बना सके।

दिनेश चांदीमल

चांदीमल ने लगाया अर्धशतक

लक्ष्य का पीछा करते हुए चांदीमल ने अच्छा संघर्ष दिखाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिलवा सके। उन्होंने 40 गेंदों में चार चौकों और दो छक्के की मदद से अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक पूरा किया। एक छोर से संघर्ष कर रहे चांदीमल ने 54 गेंदों में 66 रनों की नाबाद पारी खेली। यह उनके टी-20 करियर का सर्वोच्च स्कोर बन गया है।

मार्करम

मार्करम ने खेली शानदार पारी

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए मार्करम ने उम्दा बल्लेबाजी की। उन्होंने 33 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। मार्करम ने डेविड मिलर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 35 गेंदों में 65 रनों की साझेदारी की और टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। वह अपना पांचवा अर्धशतक बनाने से चूक गए और शनाका की गेंद पर आउट हुए।

जानकारी

मिलर ने पूरे किए अपने 1,700 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन

डेविड मिलर ने 15 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए। उनके नाम अब 87 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,701 रन हो गए हैं। वह 1,700 रनों का आंकड़ा छूने वाले सिर्फ दूसरे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज बने हैं।

वानिंदु हसरंगा

हसरंगा ने झटके दो अहम विकेट

लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने गेंदबाजी में प्रभावित किया और सबसे सफल श्रीलंकाई गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवरों के कोटे में 23 रन देकर दो अहम विकेट लिए। हसरंगा ने हेंड्रिक्स और डिकॉक के विकेट हासिल किए। 24 वर्षीय हसरंगा के नाम अब 23 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 14.28 की औसत से 35 विकेट हो गए हैं। अपने सीमित अंतरराष्ट्रीय करियर में हसरंगा अब तक गेंद से सफल रहे हैं।