Page Loader
विश्व कप 2019: साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका को आसानी से हराया, जानें मैच के रिकॉर्ड्स

विश्व कप 2019: साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका को आसानी से हराया, जानें मैच के रिकॉर्ड्स

Jun 28, 2019
10:19 pm

क्या है खबर?

2019 क्रिकेट विश्व कप के 35वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका को 9 विकेट से हरा दिया है। टॉस हार कर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी श्रीलंका की पूरी टीम साउथ अफ्रीका की घातक गेंदबाज़ी के आगे 49.3 ओवर में 203 रनों पर सिमट गई थी। जवाब में साउथ अफ्रीका ने फैफ डूप्लेसि (96*) की शानदार पारी की बदलौत आसानी से 76 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य का पीछा कर लिया। ड्वेन प्रीटोरियस और क्रिस मॉरिस ने 3-3 विकेट लिए।

क्या आप जानते हैं?

2019 विश्व कप में पॉवर-प्ले में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली टीम है श्रीलंका

श्रीलंका ने इस मैच में पॉवर-प्ले में 67 रन बनाए। इसके साथ ही श्रीलंका 2019 विश्व कप में पॉवर-प्ले में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली टीम बन गई है। श्रीलंका ने इस टूर्नामेंट में पॉवर-प्ले में 6.64 के रन रेट से रन बनाए हैं।

शर्मनाक रिकॉर्ड

विश्व कप में पहली गेंद पर आउट होने वाले चौथे खिलाड़ी बने दिमुथ करुणारत्ने

श्रीलंकाई कप्तान दिमुथ करुणारत्ने इस मैच की पहली गेंद पर कगीसो रबाडा का शिकार बने। इसके साथ ही वह विश्व कप में पहली गेंद पर आउट होने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। करुणारत्ने से पहले इसी विश्व कप में न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में पहली गेंद पर पवेलियन लौटे थे। वहीं इससे पहले 2003 में हन्नान सरकार और 2011 में ब्रेंडन टेलर मैच की पहली गेंद पर आउट हो चुके हैं।

जानकारी

11 से 30 रनों के बीच श्रीलंका के 8 बल्लेबाज़ हुए आउट

साउथ अफ्रीका की घातक गेंदबाज़ी के आगे श्रीलंका के 8 बल्लेबाज़ 11 से 30 रनों के बीच आउट हुए। वनडे क्रिकेट विश्व कप में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी टीम के आठ बल्लेबाज़ 11 से 30 रनों के बीच आउट हुए हैं।

अर्धशतक

हाशिम आमला और फैफ डू प्लेसिस ने खेली मैच विनिंग पारियां

श्रीलंका से मिले 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए क्विंटन डिकॉक (15) महज़ 31 रनों पर पवेलियन लौट गए थे। लेकिन उसके बाद फैफ डू प्लेसिस (96*) और हाशिम आमला (80*) ने दूसरे विकेट के लिए 175 रनों की नाबाद साझेदारी की। डू प्लेसिस का यह इस विश्व कप में तीसरा अर्धशतक है। वहीं हाशिम आमला का यह इस टूर्नामेंट में दूसरा अर्धशतक है। प्लेसिस ने अपनी अर्धशतकीय पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया।

मैच का लेखा-जोखा

साउथ अफ्रीका को इस तरह मिली आसानी से जीत

श्रीलंका ने पहले खेलते हुए बल्लेबाज़ों के खराब प्रदर्शन की वजह से साउथ अफ्रीका के सामने 204 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में साउथ अफ्रीका ने 31 रनों पर अपना पहला विकेट गवां दिया, लेकिन उसके बाद हाशिम आमला और फैफ डूप्लेसिस ने बेहतरीन पारियां खेलकर अपनी टीम को जीत दिला दी। साउथ अफ्रीका के लिए ड्वेन प्रीटोरियस ने 10 ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं क्रिस मॉरिस ने 3 और रबाडा ने 2 विकेट लिए।