दूसरे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को हराया, बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
कार्डिफ में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को 58 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में फिलहाल 1-1 से बराबरी कर ली है।
प्रोटियाज टीम ने पहले खेलते हुए रिले रोसौव की 96* रनों की आक्रामक पारी की मदद से 207/3 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
जवाब में इंग्लैंड 16.4 ओवरों में सिर्फ 149 रनों पर ही सिमट गई।
मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
दक्षिण अफ्रीका ने दर्ज की बड़ी जीत
पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 39 के स्कोर पर क्विंटन डिकॉक (15) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद रीजा हेंड्रिक्स और रोसौव ने अपने-अपने अर्धशतक लगाए और 73 रनों की साझेदारी करके टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।
जवाब में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने निराश किया और नियमित अंतराल में अपने विकेट गंवाए। इंग्लैंड से जॉनी बेयरस्टो ने सर्वाधिक 30 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका से एंडिले फेहलुकवायो और तबरेज शम्सी ने तीन-तीन विकेट लिए।
जानकारी
दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवी बार बनाया 200 से अधिक स्कोर
यह पांचवां मौका है, जब दक्षिण अफ्रीका ने टी-20 में इंग्लैंड के खिलाफ 200 से अधिक का स्कोर बनाया है। यह इंग्लैंड के खिलाफ उनका चौथा सर्वोच्च स्कोर भी है। कुल 16वीं बार दक्षिण अफ्रीका ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 200 रन का आंकड़ा पार किया।
मुकाम
रोसौव और हेंड्रिक्स ने हासिल किए ये मुकाम
रोसौव ने 55 गेंदों में 96* रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और पांच छक्के शामिल थे। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनका सर्वोच्च स्कोर है। उनके नाम अब 35.58 की औसत से 427 रन हो गए हैं।
हेंड्रिक्स ने 32 गेंदों में 53 रनों की पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे। उनके अब 27.58 की औसत से 1,186 रन हो गए हैं। रनों के मामले में हेंड्रिक्स ने हाशिम अमला (1,158) को पीछे छोड़ा है।
उपलब्धि
जेसन रॉय ने पूरे किए 1,500 रन
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय ने 22 गेंदों में 20 रनों की पारी खेली। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 24.27 की औसत से 1,505 रन बना लिए हैं।
वह 1,500 रनों के आंकड़े को पार करने वाले चौथे इंग्लिश खिलाड़ी बन गए हैं।
इयोन मोर्गन (2,458), जोस बटलर (2,213) और एलेक्स हेल्स (1,644) उनसे पहले ये आंकड़ा छू चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रॉय के अब 26.07 की औसत से 365 रन हो गए हैं।
अन्य रिकॉर्ड्स
मैच में बने अन्य रिकॉर्ड्स
बेयरस्टो ने चार चौकों की मदद से 30 रन बनाए। उनके अब 27.87 की औसत से 1,310 रन हो गए हैं। उन्होंने निकोलस पूरन (1,301) को पीछे छोड़ दिया है।
शम्सी ने गेंद से प्रभावित किया और 27 रन देकर तीन विकेट लिए। उनके अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 61 विकेट हो गए हैं। उन्होंने विकेटों के मामले में रविचंद्रन अश्विन की बराबरी की है।
कगीसो रबाडा (1/35) ने सुनील नरेन के विकेटों की संख्या (52) की बराबरी कर ली है।