Page Loader
स्मृति मंधाना का टी-20 विश्व कप में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
टी-20 विश्व कप में अब तक छाप नहीं छोड़ सकी हैं स्मृति मंधाना (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

स्मृति मंधाना का टी-20 विश्व कप में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

Feb 06, 2023
01:56 pm

क्या है खबर?

महिला टी-20 विश्व कप 2023 की शुरुआत 10 फरवरी से दक्षिण अफ्रीका में होनी है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 12 फरवरी को पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ करेगी। भारत अपने पहले खिताब की तलाश में है और टीम अपनी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। इस बीच मंधाना के इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

हालिया प्रदर्शन 

ऐसा रहा मंधाना का हालिया प्रदर्शन

इस साल मंधाना ने अब तक पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल लिए हैं, जिसमें 28.66 की औसत और 111.68 की स्ट्राइक रेट के साथ 86 रन बना लिए हैं। वहीं पिछले साल उन्होंने 23 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की 21 पारियों में 33 की औसत के साथ 594 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने पांच अर्धशतक अपने नाम किए थे और नाबाद 79 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा था।

टी-20 विश्व कप 

टी-20 विश्व कप में अब तक छाप नहीं छोड़ सकी हैं मंधाना 

मंधाना अब तक टी-20 विश्व कप में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी हैं। उन्होंने पहली बार 2014 के संस्करण में हिस्सा लिया था। उन्होंने इस प्रतियोगिता में अब तक 17 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 18.62 की औसत और 110.37 की स्ट्राइक रेट से 298 रन बनाए हैं। इस बीच वह सिर्फ एक अर्धशतक (83) ही लगा सकी है। आगामी विश्व कप में वह अपने आंकड़ों में सुधार करने का प्रयास करेगी।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

शानदार चल रहा है टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

बांग्लादेश के खिलाफ 2013 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाली 26 वर्षीय मंधाना ने अब तक 112 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 27.32 की औसत और 123.13 की स्ट्राइक रेट से 2,651 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 86 रनों का रहा है। उनके नाम इस प्रारूप में भारत की ओर से 20 अर्धशतक भी दर्ज हैं। वे अब तक 359 चौके और 50 छक्के भी जमा चुकी हैं।

रिकॉर्ड्स 

मंधाना बना सकती हैं ये रिकॉर्ड्स 

मंधाना इस समय टी-20 अंतरराष्ट्रीय में विश्व की सातवीं सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज हैं। वह आगामी प्रतियोगिता में डियांड्रा डॉटिन (2,697) को पीछे छोड़ सकती हैं। मंधाना टी-20 विश्व कप में चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज है। वह रनों के मामले में पूनम राउत (375) को पीछे छोड़ सकती हैं। बता दें, इस प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय मिताली राज (726) और हरमनप्रीत कौर (458) हैं।