Page Loader
स्मृति मंधाना के वनडे में 4,000 रन पूरे, ऐसा करने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी 
स्मृति मंधाना ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है (तस्वीर: एक्स/@BCCIWomen)

स्मृति मंधाना के वनडे में 4,000 रन पूरे, ऐसा करने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी 

Jan 10, 2025
04:44 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम और आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह वनडे क्रिकेट में 4,000 रन पूरे करने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय महिला बल्लेबाज बनी हैं। मंधाना मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाईं और 29 गेंदों में 41 रन बनाकर आउट हो गईं। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर नजर डाल लेते हैं।

कारनामा

मंधाना से पहले सिर्फ मिताली राज ने किया था यह कारनामा 

मंधाना से पहले वनडे क्रिकेट में भारत के लिए सिर्फ मिताली राज हैं, जिन्होंने 4,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस पूर्व बल्लेबाज ने 232 मुकाबलों की 211 पारियों में 50.68 की औसत से 7,805 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 7 शतक और 64 अर्धशतक निकले थे। भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने के मामले में हरमनप्रीत कौर तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 141 मैच की 122 पारियों में 3,803 रन बनाए हैं।

रन

वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन 

वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (7,805) बनाने वाली महिला खिलाड़ी की बात करें तो वह मिताली ही हैं। इस सूची में मंधाना 15वें स्थान पर हैं। दूसरे स्थान इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की चार्लोट एडवर्ड्स हैं। उन्होंने 191 मैच खेले हैं और इसकी 180 पारियों में 38.16 की औसत से 5,992 रन बना चुकी हैं। उनके बल्ले से 9 शतक निकले हैं। मंधाना वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक (9) जड़ने वाली बल्लेबाज हैं।

करियर

कैसा रहा है मंधाना का वनडे करियर?

मंधाना ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2013 में बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने भारत के लिए 95 मुकाबले खेले हैं। इसकी 95 पारियों में 6 बार नाबाद रहते हुए 44.95 की औसत से 4,001 रन बनाने में सफल रही हैं। उनके बल्ले से 9 शतक के अलावा 29 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 136 रन रहा है। मंधाना ने अपने वनडे करियर में सबसे ज्यादा रन (827) इंग्लैंड के खिलाफ बनाए हैं।

जानकारी

ऐसी रही मंधाना की पारी 

मंधाना आयरलैंड के खिलाफ इस सीरीज में कप्तान भी हैं। हरमनप्रीत को इस सीरीज से आराम दिया गया है। अपनी 41 रन की पारी के दौरान मंधाना ने 6 चौके और 1 छक्का लगाया। उनकी स्ट्राइक रेट 141.38 की रही।