
एंजेलो मैथ्यूज का टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन?
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम को 16 जुलाई से पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। श्रीलंका ने अपने पिछले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी है, ऐसे में मेजबान टीम आत्मविश्वास से लबरेज होगी।
इस सीरीज में एंजेलो मैथ्यूज अपनी उपयोगिता सिद्ध करना चाहेंगे। उन्होंने अपने पिछले पांच टेस्ट में दो शतक लगाए हैं और अपनी फॉर्म को आगे भी बरकरार रखना चाहेंगे।
मैथ्यूज के टेस्ट आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
मैथ्यूज बनाम पाकिस्तान
पाकिस्तान के खिलाफ मैथ्यूज का प्रदर्शन
मैथ्यूज ने पाकिस्तान के खिलाफ 19 टेस्ट में 54.88 की औसत से 1,372 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 157* के सर्वोच्च स्कोर के साथ दो शतक और सात अर्धशतक अपने नाम किए हैं।
वह पाकिस्तान के खिलाफ पांचवे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज हैं।
उनसे आगे इस सूची में कुमार संगाकारा (2,911), महेला जयवर्धने (1,687), सनथ जयसूर्या (1,490) और अरविंद डी सिल्वा (1,475) हैं।
उपलब्धि
'प्लेयर ऑफ द मंथ' बनने वाले पहले श्रीलंकाई हैं मैथ्यूज
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मैथ्यूज को मई (2022) के लिए 'प्लेयर ऑफ द मंथ' चुना था।
मई में मैथ्यूज ने बांग्लादेश के खिलाफ दो शतकों की मदद से 344 रन बनाए थे। वह उस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।
उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी असिथा फर्नांडो और बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम को पीछे छोड़कर यह पुरस्कार जीता था। वह 'प्लेयर ऑफ द मंथ' से सम्मानित होने वाले पहले श्रीलंकाई क्रिकेटर बने।
आंकड़े
2021 से ऐसा रहा है मैथ्यूज का प्रदर्शन
मैथ्यूज 2021 की शुरुआत के बाद से दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज हैं।
उन्होंने इस अवधि में लगभग 50 की औसत से 12 टेस्ट मैचों में 886 रन बनाए हैं।
मैथ्यूज केवल दिमुथ करुणारत्ने से पीछे हैं, जिन्होंने 1,353 रन बनाए हैं।
मैथ्यूज ने इस साल छह टेस्ट में 66.12 की औसत से 529 रन बनाए हैं। वह 2022 में सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज हैं।
टेस्ट करियर
मैथ्यूज का टेस्ट करियर
एक दशक से अधिक के करियर में मैथ्यूज ने 98 टेस्ट में 45.78 की उल्लेखनीय औसत से 6,867 रन बनाए हैं।
वह प्रारूप में श्रीलंकाई खिलाड़ियों में चौथे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
मैथ्यूज के नाम दोहरा शतक (200*) भी है, जो उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ जनवरी 2020 में बनाया था।
दिलचस्प बात यह है कि उनके 13 टेस्ट शतकों में से सात विदेशों में खेलते हुए आए हैं।
WTC
WTC 2021-23 में मैथ्यूज का प्रदर्शन
मैथ्यूज ने ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2021-23 में उम्दा प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक 57.36 की औसत से 631 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने दो शतक और इतने ही अर्धशतक लगाए हैं।
श्रीलंका के बल्लेबाजों में वह सिर्फ करुणारत्ने से पीछे हैं, जिन्होंने मौजूदा चक्र में 729 रन बनाए हैं।
कुल मिलाकर वह 2021-23 चक्र में सबसे अधिक रन बनाने वालों में 12वें स्थान पर हैं।