रणजी ट्रॉफी के दूसरे चरण में पंजाब के लिए खेलेंगे शुभमन गिल
क्या है खबर?
भारत की वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के दूसरे चरण में पंजाब क्रिकेट टीम के लिए खेलने की उपलब्धता जताई है। वह न्यू चंडीगढ़ में छत्तीसगढ़ के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलते हुए नजर आएंगे। गिल को आखिरी समय में पंजाब की टीम में शामिल किया गया है। इस मुकाबले में उदय सहारन ही टीम के कप्तान रहेंगे। गिल न्यूजीलैंड दौरे से पहले लाल गेंद की क्रिकेट खेलना चाहते थे।
वनडे
पहले 3 वनडे में ही कप्तानी करेंगे गिल
हालांकि, गिल न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती 3 मुकाबलों में ही खेल पाएंगे। इसके बाद वह 2 टेस्ट मैचों की सीरीज की तैयारी के लिए कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंप देंगे।
भारत का न्यूजीलैंड दौरा उसी समय होगा, जब इंडिया-A टीम न्यूजीलैंड-A के खिलाफ 3 अनौपचारिक टेस्ट मैच खेलेगी।
यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल तीनों मुकाबलों के लिए इंडिया-A की टीम का हिस्सा हैं। वहीं, गिल इस सीरीज का एक भी मुकाबला नहीं खेल पाएंगे।
बल्लेबाजी
चौथे स्थान पर पंजाब के लिए बल्लेबाजी करेंगे गिल
गिल पंजाब के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। ऐसे में जशनप्रीत सिद्धू को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ सकता है।
पंजाब की बल्लेबाजी में प्रभसिमरन सिंह भी शामिल हैं, जो इंडिया-A की टीम के साथ व्यस्त होने के कारण पिछले सप्ताह असम के खिलाफ सीजन के पहले मुकाबले में नहीं खेल पाए थे।
असम के खिलाफ पंजाब को को 3 अंक मिले थे। इस मुकाबले में विहान मल्होत्रा, इमनजोत और सलिल अरोड़ा ने शतकीय पारियां खेलीं।
खास
ऐसी है पंजाब की टीम
उमेश यादव ने असम के खिलाफ पंजाब के लिए अपना डेब्यू किया था और 5 विकेट लिए। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह उनका 16वां 5 विकेट हॉल था।
उमेश की प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 2 साल बाद वापसी हुई थी।
ऐसी है पंजाब की टीम: हरनूर पन्नू, विहान मल्होत्रा, शुभमन गिल, उदय सहारन (कप्तान), जशनप्रीत सिद्धू, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रमनदीप सिंह, हरप्रीत बराड़, इमनजोत चहल, हरजस टंडन, गुरनूर बराड़, गुरसिमरन सिंह, सनवीर सिंह और उमेश यादव।
प्रथम श्रेणी
गिल के प्रथम श्रेणी करियर पर एक नजर
गिल ने अब तक 73 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं। इसकी 127 पारियों में 12 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 50 की उम्दा औसत के साथ 5,751 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 20 शतक और 21 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रन रहा है। भारत के लिए अब तक 43 टेस्ट मैच में शुभमन ने 43.47 की औसत से 3,043 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 11 शतक और 9 अर्धशतक निकले हैं।