Page Loader
शुभमन गिल ने काउंटी क्रिकेट में लगाया पहला शतक, देखें उनके अहम आंकड़े
गिल इंग्लैंड के घरेलू सत्र में हिस्सा लेने वाले आठ भारतीय क्रिकेटरों में से एक हैं। (तस्वीर: ट्विटर/@ShubmanGill)

शुभमन गिल ने काउंटी क्रिकेट में लगाया पहला शतक, देखें उनके अहम आंकड़े

Sep 27, 2022
05:03 pm

क्या है खबर?

भारत के उभरते हुए स्टार क्रिकेटर शुभमन गिल ने मंगलवार को काउंटी क्रिकेट में अपना पहला शतक पूरा किया। गिल काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन-टू में ससेक्स के खिलाफ मैच के दूसरे दिन 119 रन बनाकर आउट हुए। गिल ने इस पारी में 85.61 की स्ट्राइक रेट से 12 चौके और दो छक्के भी मारे। गिल की पारी की बदौलत ग्लैमोर्गन पहली पारी में 277/4 तक पहुंच गया। आइये जानते हैं गिल के इस पारी और आंकड़ों के बारे में।

जानकारी

ग्लेमोर्गन के लिए खेल रहे हैं गिल

इस साल की शुरुआत में, ग्लेमोर्गन ने गिल को शेष काउंटी सत्र के लिए अनुबंधित किया था। गिल इंग्लैंड के घरेलू सत्र में हिस्सा लेने वाले आठ भारतीय क्रिकेटरों में से एक हैं। गिल ग्लेमोर्गन की ओर से खेलने वाले तीसरे भारतीय क्रिकेटर हैं। गिल से पहले भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री (1987-91) और मौजूदा BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली (2005) भी इस टीम के लिए खेल चुके हैं।

FC

गिल के FC आंकड़ों पर एक नजर

गिल ने पंजाब के लिए 2017/18 में रणजी ट्रॉफी से डेब्यू किया था। गिल ने 37 प्रथम श्रेणी मैचों में 3,000 से अधिक रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 50 से अधिक का रहा है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में गिल ने 268 के सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर के साथ आठ शतक और 16 अर्द्धशतक भी जमाए हैं। Cricinfo के अनुसार, गिल ने पंजाब के लिए 65.33 के औसत से 1,176 रन बनाए हैं।

यादगार

गिल के लिए शानदार रहा है 2022

गिल के लिए 2022 एक यादगार साल साबित हो रहा है। इस साल वेस्टइंडीज के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने के बाद अगस्त में जिम्बाब्वे के दौरे में उन्होंने अपना लगातार दूसरा 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' पुरस्कार जीता था। गिल ने दो सीरीज (जिम्बाब्वे 122.50 और वेस्टइंडीज 102.50) में 100 से अधिक का औसत से रन बनाए। इसी साल गिल ने एक यादगार काउंटी डेब्यू भी किया था, जिसमें उन्होंने वोस्टरशायर के खिलाफ 92 रन बनाए थे।

आंकड़े

गिल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर के आंकड़े

गिल ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 11 टेस्ट मैचों की 21 पारियों में 30.47 की औसत से 579 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम चार अर्धशतक दर्ज हैं, उनका उच्चतम स्कोर 91 रनों का है। वनडे क्रिकेट में गिल ने अब तक नौ मैच खेले हैं। जिसमें उन्होंने 71.29 की औसत से 499 रन बनाए हैं। वनडे क्रिकेट में गिल ने एक शतक और तीन अर्धशतक जमाए हैं और उनका उच्चतम स्कोर 130 रनों का रहा है।