
ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत: सिडनी टेस्ट में भारत की सधी हुई शुरुआत, शुभमन गिल ने लगाया अर्धशतक
क्या है खबर?
सिडनी टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के 338 रनों के जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 96/2 का स्कोर बना लिया है।
भारत की ओर से अपना दूसरा टेस्ट खेल रहे शुभमन गिल ने अर्धशतकीय पारी खेली।
दिन का खेल खत्म होने तक चेतेश्वर पुजारा (9*) और अजिंक्या रहाणे (5*) क्रीज पर मौजूद हैं।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से हेजलवुड और कमिंस ने एक-एक विकेट लिए।
आइए आज के खेल पर एक नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
दूसरे दिन ऐसे रही ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी
पहले दिन के स्कोर 166/2 से आगे खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियन टीम ने अच्छी शुरुआत की।
कल के नाबाद बल्लेबाज लाबुशेन 91 रन बनाकर 206 के टीम स्कोर पर आउट हुए, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया के विकेटों का पतझड़ सा लग गया।
इस बीच वेड (13), ग्रीन (0) और कप्तान पेन (1) सस्ते में सिमट गए।
स्मिथ ने अपना 27वां शतक लगाया और 131 रन बनाकर 338 के स्कोर पर दसवें विकेट के रूप में रन आउट हो गए।
गेंदबाजी
जडेजा ने कराई थी भारत को मैच में वापसी
एक समय मजबूत स्थिति में नजर आ रही कंगारू टीम के आखिरी आठ विकेटों ने 132 रन ही जोड़े।
ऑस्ट्रेलिया को जल्दी से समेटने में रविंद्र जडेजा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ऑलराउंडर जडेजा ने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे लाबुशेन (91) का विकेट लिया। उसके बाद उन्होंने वेड, कमिंस और ल्योन को पवेलियन की राह दिखाई।
इसके अलावा उन्होंने शतक लगा चुके स्मिथ को अपनी थ्रो के जरिए रन आउट किया।
बल्लेबाजी
भारतीय टीम की अच्छी शुरुआत
सिडनी टेस्ट में भारत की ओर से रोहित शर्मा और शुभमन गिल के रूप में एक नई सलामी जोड़ी नजर आई।
दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलवाई।
लम्बे समय के बाद वापसी करने वाले रोहित 26 रन बनाकर जोश हेजलवुड का शिकार बने।
इस दौरान रोहित ने एक छक्का भी लगाया। यह उनका आस्ट्रेलिया के खिलाफ 100वां छक्का था और ऐसा करने वाले वह पहले खिलाड़ी बने हैं।
शुभमन गिल
ऑस्ट्रेलिया में अर्धशतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय सलामी बल्लेबाज बने गिल
युवा शुभमन गिल 50 रन बनाकर अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाया।
21 वर्षीय गिल ऑस्ट्रेलिया में 50 या उसे अधिक रन बनाने वाले सबसे युवा भारतीय ओपनर बन गए हैं।
उनसे पहले यह रिकॉर्ड रवि शास्त्री के नाम था, जिन्होंने 22 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया में वनडे में अर्धशतक लगाया था।
अपना दूसरा टेस्ट खेल रहे गिल के टेस्ट करियर में अब तक के स्कोर 45, 35* और 50 हैं।
पहली पारी
इस समय 242 रनों से पीछे है भारतीय टीम
अपना अर्धशतक पूरा करते ही गिल 85 के स्कोर पर दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। अपनी 50 रन की पारी के दौरान उन्होंने आठ चौके लगाए।
अच्छी बल्लेबाजी कर रहे गिल को पैट कमिंस ने ग्रीन के हाथों कैच आउट करवाया।
इसके बाद भरोसेमंद पुजारा और कप्तान रहाणे ने भारत को कोई नुकसान नहीं होने दिया।
पहली पारी के आधार पर इस समय भारतीय टीम 242 रनों से पीछे है।