Page Loader
श्रेयस अय्यर ने मुंबई में खरीदा 525 वर्ग फीट का अपार्टमेंट, जानिए कितनी है कीमत
श्रेयस अय्यर ने मुंबई में खरीदा अपार्टमेंट (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

श्रेयस अय्यर ने मुंबई में खरीदा 525 वर्ग फीट का अपार्टमेंट, जानिए कितनी है कीमत

Sep 24, 2024
07:50 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर और उनकी मां रोहिणी अय्यर ने मुंबई के वर्ली इलाके में 525 वर्ग फीट का एक अपार्टमेंट खरीदा है। इसकी कीमत 2.90 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जैपकी (Zapkey) को मिले संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों से इसका खुलासा हुआ है। दस्तावेजों के अनुसार, यह अपार्टमेंट वर्ली के आदर्श नगर इलाके में त्रिवेणी इंडस्ट्रियल CHSL की दूसरी मंजिल पर स्थित है। आइए इस पूरी खबर पर एक नजर डाल लेते हैं।

कीमत

55,238 रुपये प्रति वर्ग फीट है अपार्टमेंट की कीमत

दस्तावेजों के अनुसार, 525 वर्ग फीट का यह अपार्टमेंट 55,238 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से खरीदा गया है। यह लेनदेन 19 सितंबर, 2024 को पंजीकृत किया गया था, जिसके लिए 17.40 लाख रुपये का स्टांप शुल्क और 30,000 रुपये का पंजीकरण शुल्क चुकाया गया था। इससे पहले श्रेयस ने मुंबई की ऊंची इमारतों में से एक लोढ़ा वर्ल्ड टावर्स में 48वीं मंजिल पर 49,817 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से 2,380 वर्ग फीट का घर खरीदा था।

जानकारी

वाणिज्यिक संपत्ति भी है श्रेयस के नाम

जुलाई 2024 में श्रेयस उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए, जिन्होंने मुंबई में वाणिज्यिक संपत्तियां खरीदी हैं। प्रॉपस्टैक द्वारा प्राप्त किए दस्तावेजों से पता चला है कि उन्होंने वर्ली इलाके में 2.9 करोड़ में एक वाणिज्यिक संपत्ति खरीदी थी।

प्रदर्शन

दलीप ट्रॉफी में खास नहीं रहा था श्रेयस का प्रदर्शन

श्रेयस ने हाल ही में दलीप ट्रॉफी में इंडिया-D का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, इसमें उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। यही कारण रहा कि उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में जगह नहीं मिली। उन्होंने दलीप ट्रॉफी के 3 मैचों की 6 पारियों में 25.66 की औसत से केवल 154 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे। अब वह ईरानी कप में मुंबई का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।