गौतम गंभीर की कोचिंग पर शेन वॉटसन की नसीहत, बोले- टीम में लगातार फेरबदल बंद करो
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने गौतम गंभीर के कोचिंग को लेकर अहम बातें कहीं हैं। उन्होंने गंभीर की कोचिंग की तारीफ भी की है और इसके साथ-साथ उन्होंने कुछ सुझाव भी दिए हैं। बता दें कि गंभीर के कोचिंग कार्यकाल में भारतीय टीम टी-20 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट जीतने में सफल रही है, जबकि आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में हारी है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
गंभीर टीम में करते हैं लगातार फेरबदल- शेन वॉटसन
प्राइम वीडियो एयू एंड एनजेड यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए वॉटसन ने कहा, "गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम के बल्लेबाजी क्रम में लगातार फेरबदल देखने को मिलते हैं। खिलाड़ी आते-जाते रहते हैं। जब टीम अस्थिर हो, चाहे बल्लेबाजी क्रम हो या खिलाड़ियों का आना-जाना, तो टीम के लिए निरंतरता बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। यही वजह है कि भारत का प्रदर्शन निरंतर नहीं रहा है।"
बयान
सैमसन का समर्थन करना गंभीर का सही फैसला- वॉटसन
वॉटसन ने गंभीर की कुछ तारीफें भी की।
उन्होंने कहा, "गंभीर ने भारतीय सेटअप में कई शानदार चीजें लाई हैं। संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों को समर्थन देकर उन्होंने कमाल किया। सैमसन ने भी टी-20 विश्व कप के आखिरी चरण में शानदार प्रदर्शन किया।"
बता दें कि सैमसन ने टी-20 विश्व कप 2026 के नॉकआउट मैचों में क्रमशः 97*, 89 और 89 की पारियां खेली और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' बने थे।
सुझाव
वॉटसन ने दिया सुझाव
वॉटसन का मानना है कि अगर भारतीय टीम में थोड़ी और निरंतरता हो तो वह सबसे ताकतवर टीम बनने की काबिलियत रखती है।
उन्होंने सुझाव देते हुए कहा, "मेरा मानना है कि गंभीर के कार्यकाल में अब भी खिलाड़ियों में बहुत ज्यादा फेरबदल हो रहे हैं। इस मामले में थोड़ी और निरंतरता होनी चाहिए। अगर वे ऐसा करते हैं तो विश्व क्रिकेट में भारत बेहद मुश्किल टीम बन जाएगी।"
टेस्ट
गंभीर के कार्यकाल में टेस्ट में भारत ने किया है निराश
गंभीर के प्रमुख कोच बनने के बाद से टेस्ट क्रिकेट में भारत के प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली है।
2021 और 2023 के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारतीय टीम उपविजता रही थी।
इसके बाद भारतीय टीम 2023-25 चक्र में फाइनल के लिए क्वालीफाई भी नहीं कर सकी थी।
वहीं इस समय चल रहे 2025-27 चक्र में भी भारत 5वें स्थान पर संघर्ष कर रहा है।