शाई होप ने भारत के खिलाफ जड़ा अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कप्तान शाई होप ने दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के खिलाफ नाबाद 102 रन की पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा शतक रहा। भारत के खिलाफ उन्होंने पहली बार शतकीय पारी खेली। होप की इस दमदार बल्लेबाजी के दम पर वेस्टइंडीज ने 250 रन का लक्ष्य 18.3 ओवर में हासिल कर लिया। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा। आइए होप के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही होप की पारी और साझेदारी
होप ने 45 गेंदों का सामना किया और 102 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 6 चौके और 9 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 226.67 की रही।
उन्होंने शेरफन रदरफोर्ड (84) के साथ मिलकर 54 गेंदों में 120 रन की साझेदारी निभाई।
एक समय 58 रन पर वेस्टइंडीज के 3 बल्लेबाज पवेलिन लौट गए थे। यहां से दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर पूरा मैच ही पलट दिया।
रोमारियो शेफर्ड के साथ होप ने 26 गेंदों में 74 रन जोड़े।
दूसरा
होप ने वेस्टइंडीज के लिए दूसरा सबसे तेज शतक जड़ा
होप ने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। ये टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में वेस्टइंडीज का दूसरा सबसे तेज शतक साबित हुआ।
इस सूची में पहले स्थान पर जॉनसन चार्ल्स हैं। उन्होंने साल 2023 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 39 गेंदों में शतक जड़ा था।
क्रिस गेल इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2016 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था।
रिकॉर्ड्स
होप ने ये रिकॉर्ड्स भी बनाए
ये भारत के खिलाफ किसी भी वेस्टइंडीज के बल्लेबाज का सबसे तेज शतक भी है।
होप ने इविन लुईस का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने साल 2016 में केवल 48 गेंदों में शतक लगा दिया था। इस सूची में तीसरे स्थान पर भी लुईस ही हैं। साल 2017 में उन्होंने भारत के खिलाफ 53 गेंदों में शतक जड़ा था।
शेन वॉटसन (124*) के बाद होप एकमात्र ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ इस प्रारूप में शतक लगाया है।
करियर
होप के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर
होप ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2017 में खेला था। उन्होंने अब तक 72 मुकाबले खेले हैं और इसकी 70 पारियों में 32.15 की औसत से 1,897 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 2 शतक और 13 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 102 रन रहा है।
भारत के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 9 मैचों की 9 पारियों में 43.75 की औसत और 151.74 की स्ट्राइक रेट से 305 रन बनाए हैं।