Loading...
शफाली वर्मा को ICC की फटकार, आचार संहिता तोड़ने पर हुई कार्रवाई
शफाली वर्मा अच्छी फॉर्म में चल रहीं हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCIWomen)

शफाली वर्मा को ICC की फटकार, आचार संहिता तोड़ने पर हुई कार्रवाई

Oct 20, 2026
01:50 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज शफाली वर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने फटकार लगाई है। यह घटना रविवार को हुई, जब भारत ने एक मैच शेष रहते ही सीरीज अपने नाम कर ली थी। कैच छोड़ने के बाद गेंद जमीन पर फेंकने के लिए शफाली पर जुर्माना लगाया गया और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया।

घटना

क्या थी पूरी घटना?

यह घटना जिम्बाब्वे की पारी के 12वें ओवर में हुई। चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने श्री चरणी की एक गेंद को मिड-ऑफ की दिशा में खेला, जहां शफाली फील्डिंग कर रही थीं।

वह गेंद को पकड़ने में नाकाम रहीं और गेंद उनके जबड़े पर जा लगी। इसके बाद झुंझलाहट में उन्होंने गेंद जमीन पर फेंक दी।

इस हरकत को ICC की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन माना गया। यह नियम क्रिकेट के सामान या कपड़ों के दुरुपयोग से संबंधित है।

सजा

शफाली ने मानी अपनी गलती 

शफाली ने मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी द्वारा सुनाई गई सजा को स्वीकार कर लिया, जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

24 महीने में यह उनका पहला अपराध है, जिसके लिए उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया।

शफाली ने उस मैच में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने महज 25 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए।

उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 103 रन के लक्ष्य को 9 ओवर के भीतर हासिल कर लिया।

ADVERTISEMENT