13 नवंबर है रोहित के लिए बेहद खास दिन, जानिये क्या है इस तारीख की हकीकत

रोहित शर्मा के लिए 13 नवंबर का दिन बेहद खास है। आज ही के दिन रोहित ने क्रिकेट के मैदान पर वह रिकॉर्ड बनाया था, जो आज तक कायम है। 'हिटमैन' ने 13 नवंबर 2014 को कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर वनडे क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। बता दें की रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की तेज़तर्रार पारी खेलकर यह रिकॉर्ड बनाया था।
13 नवंबर 2014 को श्रीलंका के खिलाफ रोहित शर्मा ने 173 गेंदों में 33 चौके और 9 छक्कों की मदद से 264 रन बनाए थे। रोहित ने पहले 100 रन 100 गेंदों में बनाए, जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल था, लेकिन उसके बाद के 164 रन उन्होंने सिर्फ 73 गेंदों में ही जड़ दिए थे। श्रीलंका की पूरी टीम मिलकर भी रोहित शर्मा के बराबर रन नहीं बना पाई और 251 रनों पर ही ढ़ेर हो गई थी।
रोहित ने अब तक 193 वनडे मैचों में 47.78 की औसत और 88.67 के स्ट्राइक रेट से 7454 रन बनाए हैं, जिसमें 21 शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में रोहित के नाम तीन दोहरे शतक हैं। ऐसा करने वाले रोहित दुनिया के इकलौते बल्लेबाज़ हैं। रोहित ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 और 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 और फिर से श्रीलंका के खिलाफ 208 रनों की पारी खेल कर ये कीर्तिमान अपने नाम किया है।
वनडे क्रिकेट में सबसे पहला दोहरा शतक मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। हालांकि उनसे पहले महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क ने 1997 में 229 रन बनाए थे।