Page Loader
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, तीसरा टेस्ट: रोहित ने लगाया शतक, अपने नाम किए ये बड़े रिकॉर्ड

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, तीसरा टेस्ट: रोहित ने लगाया शतक, अपने नाम किए ये बड़े रिकॉर्ड

Oct 19, 2019
02:53 pm

क्या है खबर?

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में रोहित शर्मा ने टेस्ट करियर का अपना छठा शतक जड़ा। इस सीरीज़ में रोहित का यह तीसरा शतक है। साथ ही बतौर ओपनर अब रोहित के नाम टेस्ट क्रिकेट में तीन शतक हो गए हैं। वहीं इस सीरीज़ में अब रोहित सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ भी बन गए हैं। इसके साथ ही रोहित शर्मा ने और भी कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए हैं।

जानकारी

रोहित ने टेस्ट करियर में पूरे किए 2,000 रन

इस शतक के साथ ही रोहित ने टेस्ट करयिर में अपने 2,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। टेस्ट में ऐसा करने वाले रोहित 40वें भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं। वहीं बतौर ओपनर टेस्ट में रोहित के नाम अभी तक 425 रन हो गए हैं।

सबसे ज्यादा छक्के

एक टेस्ट सीरीज़ में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बने रोहित शर्मा

टी टाइम तक रोहित ने तीसरे टेस्ट में 149 गेंदो में 108 रन बना लिए हैं। अपनी शतकीय पारी में रोहित ने चार छक्के और 13 चौके लगाए। इसके साथ ही रोहित के नाम इस सीरीज़ में 17 छक्के हो गए हैं। रोहित अब एक टेस्ट सीरीज़ में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। रोहित से पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के शिमरन हेटमायर के नाम था। हेटमायर ने 2018 में बांग्लादेश के खिलाफ 15 छक्के लगाए थे।

क्या आप जानते हैं?

एक टेस्ट सीरीज़ में तीन शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय ओपनर बने रोहित शर्मा

इस शतक के साथ ही रोहित ने और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल, रोहित एक टेस्ट सीरीज़ में तीन शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय ओपनर बन गए हैं। इससे पहले भारत के लिए सुनील गावस्कर यह कारनामा कर चुके हैं।

रन

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक सीरीज़ में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बने रोहित

रोहित ने इस सीरीज़ में अपने तीसरे शतक के साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। रोहित अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट की एक सीरीज़ में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं। इस सीरीज़ में रोहित के नाम 400 से ज्यादा रन हो गए हैं। इस मामले में रोहित ने मोहम्मद अज़हरुद्दीन (388), वीरेंद्र सहवाग (372), मयंक अग्रवाल (340*) और सचिन तेंदुलकर (326) को पीछे छोड़ दिया है।

तीसरा टेस्ट

खराब शुरुआत के बाद मज़बूत स्थिति में पहुंच गई है भारतीय टीम

रांची टेस्ट में भारत ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया, लेकिन एक वक्त दक्षिण अफ्रीका ने सिर्फ 39 रनों पर ही भारत के तीन विकेट गिरा दिए थे। मयंक अग्रवाल (10), चेतेश्वर पुजारा (0) और कप्तान कोहली (12) रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। हालांकि, इसके बाद रोहित (108*) और रहाणे (75*) ने चौथे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी कर भारत का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 200 के पार पहुंचा दिया है।